हल्द्वानी। कालाढूंगी के विधायक बंशीधर भगत ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे जल जीवन मिशन (जेजेएम) के कार्य समयबद्ध, पारदर्शी एवं उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे कराएं। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मंगलवार को भगत ऊंचापुल स्थित अपने आवास पर लामाचौड़ मंडल के अंतर्गत आने वाले ग्रामीण क्षेत्रों में जल जीवन मिशन के तहत चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने लोनिवि, जल संस्थान एवं जल निगम के अधिकारियों से विकास कार्यों की वस्तुस्थिति जानी। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन का उद्देश्य केवल पाइपलाइन बिछाना नहीं है, बल्कि हर घर तक स्वच्छ पेयजल की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करना है। कहा कि जिन क्षेत्रों में लोगों को जलापूर्ति से संबंधित कठिनाइयां आ रही हैं, वहां तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए। बैठक में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता विकास भगत, प्रताप बोरा, संदीप सनवाल, दिगंबर भोजक, कमल नयन जोशी, रवि कुरिया समेत विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।