रानीखेत डिपो की बस में सवार होकर बरेली से हल्द्वानी आ रही महिला का बैग काटकर उचक्कों ने लाखों की नगदी और जेवर पार कर लिए। हल्द्वानी पहुंचने के बाद घटना की जानकारी मिलने पर युवती ने मुखानी पुलिस को तहरीर सौंपी है।
बरेली के सुभाष नगर निवासी भावना भट्ट पत्नी जीएन भट्ट ने पुलिस को सौंपी तहरीर में बताया कि गुरुवार को उसके मायके खेमपुर कठघरिया हल्द्वानी में पूजा है। पूजा में शामिल होने के लिए वह बुधवार सुबह रानीखेत डिपो की रोडवेज बस में सवार होकर हल्द्वानी आ रही थी।
बस में उसने अपना बैग चालक के पीछे वाली सीट पर रखा था। बैग में अपने पिता दामोदर खुल्बे को देने के लिए दो लाख की नगदी, पूजा में पहनने के लिए सोने का हार, एक जोड़ा पौंची, मंगल सूत्र, नथ, मांग टीका व तीन अंगूठी थी। हल्द्वानी पहुंचने पर वह रोडवेज स्टेशन से टेंपो बुक कर मायके पहुंची। मायके पहुंचने पर जब उसने सामान निकालने को बैग खोला तो चोरी का पता चला।
भावना के अनुसार उचक्कों ने बैग काटकर सामान पार किया था। तहरीर के आधार पर मुखानी पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। भावना भट्ट के अनुसार उसने परिचालक के कहने पर बैग को चालक के पीछे वाली सीट पर रखा। पास की सीट में ही तीन युवक बैठे थे जो भोजीपुरा में उतर गये। हो सकता है उन्होंने ही घटना को अंजाम दिया हो।