भीमताल (नैनीताल)। सीडीओ अशोक कुमार पांडे ने मंगलवार को धारी ब्लॉक में जल जीवन मिशन योजना से किए जा रहे कार्यों का निरीक्षण किया। ब्लॉक में निरीक्षण के दौरान बिना सूचना अनुपस्थित मिलने पर सीडीओ ने विभाग के जेई का एक दिन का वेतन रोकने के आदेश दिए। साथ ही ब्लॉक कार्यालय का भवन पूर्ण होने के बाद भी अब तक विकासखंड को हस्तांतरित नहीं करने पर नाराजगी जाहिर करते हुए ग्रामीण निर्माण विभाग के अधिकारियों को भवन हस्तांतरित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
सीडीओ ने क्षेत्र में जल जीवन मिशन योजना के तहत किए जा रहे कार्यों का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पाइपलाइन के जमीन से ऊपर मिलने और निर्माण कार्य की गति धीमी होने पर सीडीओ ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को पाइपलाइन को मानकों के तहत बिछाने और 15 मार्च तक कार्य हल हाल में पूरा करने के निर्देश दिए हैं। सीडीओ ने बताया कि निरीक्षण में जो भी कमियां मिली हैं, उसे पूरा करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं।