फल समझकर जेट्रोफा खाने पर छह बच्चों की हालत गंभीर हो गई। उल्टी और बेहोशी छाने पर परिजनों ने सभी बच्चों को बेस अस्पताल में भर्ती कराया। दो बच्चों की हालत नाजुक है।
राजपुरा निवासी अभय (9), पंकज (10), विमल (9), नरेंद्र (11), आदित्य (8) और योगेश (10) बुधवार शाम घर के पास खेल रहे थे। खेल के दौरान ही बच्चे राजपुरा में स्कूल की छत पर चढ़ गए। छत से पेड़ पास होने के कारण उक्त सभी बच्चों ने फल समझकर जेट्रोफा खा लिया। कुछ देर बाद बच्चों की हालत बिगड़ने लगी।
बच्चों को उल्टी होने के साथ ही बेहोशी छाने लगी। लोगों ने बच्चों की तबियत खराब होने की सूचना परिजनों को दी। परिजन बच्चों को लेकर बेस अस्पताल पहुंचे। समाजसेवी प्रेम बेलवाल ने बच्चों को इमरजेंसी में भर्ती कराया। बाल रोग विशेषज्ञ डा. एसएस बिष्ट और इमरजेंसी में तैनात डा. दिलीप वार्ष्णेय ने बच्चों का इलाज किया। डा. बिष्ट ने बताया कि सभी को भर्ती कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि नरेंद्र और योगेश की हालत नाजुक है। बाकी सब ठीक हैं।