भवाली में मृत मिले प्रकाश लाल की फाइल फोटो
- फोटो : BHIMTAL
भवाली (नैनीताल)। अल्मोड़ा-भवाली राष्ट्रीय राजमार्ग में पेट्रोल पंप के पास सड़क से नीचे पूर्व फौजी और जेल कर्मचारी का शव संदिग्ध हालात में पड़ा मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नैनीताल भेज दिया है। पीएम रिपोर्ट के बाद ही मौत का वास्तविक कारण पता चला पाएगा।
पुलिस के अनुसार मंगलवार सुबह स्थानीय लोगों ने हाईवे में पेट्रोल पंप के पास सड़क से 10 फुट नीचे एक शव पड़ा होने की सूचना दी। एएसपी राजीव मोहन टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को शव के पास से मोबाइल, पर्स और कैंटीन कार्ड मिला। इससे शव की पहचान प्रकाश लाल साह (48) पुत्र पूरन लाल साह निवासी सरला रौतेला शीतलाखेत अल्मोड़ा के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार प्रकाश सेना से सेवानिवृत्त थे और वर्तमान में नैनीताल जेल में संविदा पर कार्यरत थे। प्रकाश लाल साह जेल परिसर में ही रहते थे और चार दिन पहले छुट्टी पर घर गए थे। मंगलवार को उन्हें नैनीताल जेल में ड्यूटी पर पहुंचना था। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में मातम छा गया। एएसपी राजीव मोहन ने बताया कि स्थानीय लोगों ने मृतक को सोमवार शाम भवाली में देखा था। जांच की जा रही है।
सिर में खरोंच के निशान मिले
पुलिस को घटनास्थल के पास पानी का टूटा पाइप मिला है। मृतक के सिर में खरोंच के निशान मिले हैं। साथ ही मुंह से झाग निकल रहा था। मौके पर मिले पर्स सेे 4200 रुपये मिले हैं। एसएसआई मनवर सिंह ने बताया कि परिजनों के सामने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए नैनीताल भेज दिया गया। फिलहाल परिजनों ने थाने में तहरीर नहीं सौंपी है।