113वें श्री नंदा देवी महोत्सव की नवमी पर विभिन्न धार्मिक आयोजन, नंदा चालीसा और सुंदरकांड से नगर का माहौल भक्तिमय बना रहा। मंदिर परिसर में कन्या पूजन के बाद डीएसए मैदान में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें करीब 20-25 हजार भक्तों ने मां का प्रसाद ग्रहण कर पुण्य कमाया।
महोत्सव के तहत शनिवार सुबह सबसे पहले महाभगवती पूजन से नवमी के कार्यक्रमों की शुरुआत हुई। 11 बजे से मां नयना देवी मंदिर में दुर्गा सप्तसती पाठ व हवन हुआ। आचार्य भगवती प्रसाद जोशी ने पूजा अर्चना करायी जबकि यजमान के रूप में भुवन भंडारी बैठे।
दोपहर बाद हुए कन्या पूजन में समाजसेवी डॉ. सरस्वती खेतवाल ने पूजा-अर्चना कराई। इस विशेष मौके पर डीएम दीपक रावत भी मौैजूद रहे। 12.30 बजे से लेकर शाम पांच बजे तक डीएसएम मैदान में राम सेवक सभा के अध्यक्ष मुकेश जोशी के नेतृत्व में विशाल भंडारा हुआ।
शाम को नैनी झील में मनोज अधिकारी व भीम सिंह कार्की के निर्देशन में दीपदान के बाद रात्रि नौ बजे महाभगवती पूजन व रात्रि में 12 बजे देवी भोग के साथ नवमी के कार्यक्रमों का समापन हुआ।
कार्यक्रमों को सफल बनाने में राम सेवक सभा के संरक्षक गंगा प्रसाद साह, अध्यक्ष मुकेश जोशी, महासचिव राजेंद्र लाल साह, मुख्य प्रवक्ता जगदीश चंद्र वबाड़ी, सह प्रवक्ता प्रो.ललित तिवारी, आलोक चौधरी, मनोज जोशी, मोहित साह, देवेंद्र सिंह, घनश्याम साह, भुवन बिष्ट, किशन सिंह नेगी, विमल साह, गिरीश जोशी, अनूप साही, हरीश राणा, भुवन कांडपाल आदि जुटे रहे।