हल्द्वानी। पर्याप्त रकम होने के बावजूद कार्यों की धीमी गति पर मंडलायुक्त राजीव रौतेला ने नाराजगी जताई। उन्होंने मुख्य अभियंता लोक निर्माण विभाग को आदेश दिए कि अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग अल्मोड़ा, नैनीताल और पिथौरागढ़ को कारण बताओ नोटिस जारी किए जाएं।
मंडलायुक्त ने शुक्रवार को कैंप कार्यालय में सड़क निर्माण कार्यों की समीक्षा की। कहा कि निर्माण कार्यों में विलंब से लागत बढ़ने के साथ ही सरकार पर आर्थिक बोझ पड़ता है। मुख्य अभियंताओं और अधीक्षण अभियंताओं को निर्देश दिए कि अधिशासी अभियंता यदि कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही कर रह हैं या आदेशों की अवहेलना कर रहे हैं तो उसकी सूचना तत्काल आयुक्त कार्यालय को उपलब्ध कराएं।
उन्हाेंने काशीपुर में चल रहे रेलवे ओवरब्रिज निर्माण कार्य में तेजी लाने, काशीपुर शहर में सड़क की दशा सुधारते हुए लोनिवि को हस्तांतरित करने के निर्देश अधीक्षण अभियंता एनएच को दिए। मुख्य अभियंता जीएस पांगती ने बताया कि अवमुक्त रकम का 60 प्रतिशत व्यय किया है।
आयुक्त ने मंडल में पीएमजीएसवाई के सभी डिविजनवार सड़कों की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति तलब की। मुख्य अभियंता डीके यादव को निर्देश दिए कि नवनिर्मित रामनगर ब्रिज पर स्ट्रीट लाइटें लगाने का प्रस्ताव शीघ्र दें। मुख्य अभियंता ने बताया कि हल्द्वानी रिंग रोड का सर्वे कर लिया गया है। सर्वे की फिजिबिलिटी रिपोर्ट भी आ चुकी है। कार्यदायी संस्था को रिंग रोड का विस्तृत प्रजेंटेशन देने के साथ ही गुलाबघाटी में आए दिन लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए अमृतपुर-काठगोदाम बाईपास का शीघ्रता से सर्वे कराने के निर्देश भी दिए।
उत्तराखंड में प्रवेश करने वाली सड़कों पर कुमाऊंनी संस्कृति पर आधारित प्रवेश द्वार बनाने, कालाढूंगी-नैनीताल रोड और रानीबाग-भीमताल रोड पर मलबा संभावित क्षेत्रों एवं वर्तमान स्थिति की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बैठक में अपर आयुक्त संजय खेतवाल, उप निदेशक अर्थ एवं संख्या राजेंद्र तिवारी, मुख्य अभियंता बीएन तिवारी, जीएस पांगती, दीपक कुमार यादव, अधीक्षण अभियंता अरुण कुमार गोयल, अनिल पांगती, निदेशक मंडी बीएस चलाल, महाप्रबंधक पेयजल निर्माण निगम एमएम पंत आदि थे।