नैनीताल। नैनीझील में बिना अनुमति के ड्रोन से शूटिंग करना युवक को महंगा पड़ गया। पुलिस ने चालान कर युवक को छोड़ दिया। पुलिस के अनुसार रविवार को हल्द्वानी के युवा प्री-वेडिंग शूट के लिए नैनीताल आए थे, जो झील में चलती नाव पर बैठकर ड्रोन से शूटिंग कर रहे थे। लोगों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने युवकों से ड्रोन उड़ाने का अनुमति पत्र मांगा। पत्र नहीं होने पर पुलिस युवकों को कोतवाली ले आई। पूछताछ के दौरान पता चला कि युवकों के पास शूटिंग की अनुमति नहीं है। कोतवाल अशोक कुमार सिंह ने बताया कि हल्द्वानी निवासी मो. रेहान के खिलाफ 83 पुलिस एक्ट में चालानी कार्रवाई की गई।