हल्द्वानी। डीएम वंदना ने बुधवार को कैंप कार्यालय में लोगों की समस्याएं सुनीं और उनका निदान किया। चकुलुवा के ग्रामीणों की शिकायत पर डीएम ने एथनॉल कंपनी की जांच जिला विकास प्राधिकरण के सचिव को सौंप दी है। उधर डीएम ने लोनिवि के अधिकारियों को भीमताल रोड पर क्षतिग्रस्त पैरापिट बनाने, नालियों की सफाई करने के निर्देश भी दिए।
चकलुवा के ग्राम सुरपुर के निवासियों ने बताया कि उनके गांव में एथनॉल आधारित प्लांट स्थापित है जो मानक के अनुरूप नहीं है। डीएम ने इसकी जांच जिला विकास प्राधिकरण के सचिव को सौंप दी।
भीमताल निवासी पूरन चन्द्र बृजवासी ने बताया कि भीमताल में जगह-जगह गन्दगी, मलुवा से वार्डवासी परेशान है। उन्होंने मानसून को देखते हुए इसकी सफाई की मांग की। डीएम वंदना ने सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता को नालों की सफाई के साथ ही शहर में ड्रेनेज सिस्टम मानसून से पूर्व सुव्यवस्थित करने तथा लोनिवि को सड़क के आसपास झाडि़यां कटान करने के निर्देश दिए।
ग्राम प्रधान कोटाबाग निर्मला कांडपाल ने कहा कि पंचायत घर निर्माण के लिए भूमि दानदाता गोविंद सिंह ने दी गई है। प्रधान ने इस भूमि को पंचायतघर के नाम दर्ज कराने का अनुरोध किया। डीएम ने एसडीएम कालाढूंगी को जांच करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में 47 शिकायतें प्राप्त हुई। डीएम ने अधिकांश का निस्तारण किया।