नैनीताल। कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग के विदेश रोजगार प्रकोष्ठ की नोडल अधिकारी विनीता बडोनी की ओर से उत्तराखंड के युवाओं के लिए महत्वपूर्ण सूचना जारी की गई है। मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना के अंतर्गत यूएई में आतिथ्य के क्षेत्र में 200 पदों पर सीधी भर्ती के लिए आगामी 30 जून को एक विशेष साक्षात्कार कार्यक्रम आयोजित किया गया है।
बडोनी के अनुसार यह साक्षात्कार क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय देहरादून में सुबह 10 बजे से शुरू किया जाएगा। साक्षात्कार में भाग लेने वाले सभी अभ्यर्थियों को पूरी तरह से सुव्यवस्थित होकर और औपचारिक वेशभूषा में ही उपस्थित होना अनिवार्य होगा। सभी अभ्यर्थियों को समय का ध्यान रखना होगा और निर्धारित समय पर ही साक्षात्कार स्थल पर पहुंचना होगा।
साक्षात्कार और दस्तावेज सत्यापन के लिए अभ्यर्थियों को अपने साथ मूल दस्तावेज लाना अनिवार्य किया गया है। इसमें मूल पासपोर्ट, आधार कार्ड, अनुभव प्रमाण-पत्र अथवा अनुभव से संबंधित आवश्यक साक्ष्य शैक्षिक योग्यता से जुड़े सभी प्रमाणपत्र शामिल हैं। पात्रता अथवा साक्षात्कार से जुड़ी किसी अन्य विस्तृत जानकारी या पूछताछ के लिए अभ्यर्थी 8755597550 पर संपर्क कर सकते हैं।