भीमताल (नैनीताल)। वर्ष 2023-24 का फसल बीमा क्लेम कम दिए जाने से किसानों में बीमा कंपनी के लिए आक्रोश है। किसानों ने जल्द क्लेम का भुगतान पूरा नहीं देने पर धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी है। नौकुचियाताल के रविंद्र कर्नाटक ने बताया कि जिले में साधन सहकारी समितियों में बीमा कंपनी की ओर से किसानों को फसल बीमा का क्लेम 5.6 प्रतिशत ही दिया गया है जिससे किसानों में रोष है। अलचौना के किसान शिव सिंह अलचौनी ने बताया कि उन्होंने साधन सहकारी समिति में 7500 रुपये का आलू की फसल का बीमा कराया था लेकिन उनको क्लेम 8400 रुपये दिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीमा कंपनी की ओर से धोखाधड़ी की जा रही है। इधर जिला उद्यान अधिकारी आरके सिंह ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी।