धारचूला (पिथौरागढ़)। कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने मंगलवार को काली नदी और घटगाड़ नाले से टैक्सी स्टैंड तक चल रहे तटबंध के कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यदायी संस्था सिंचाई विभाग के अधिकारियों से तटबंध के कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को तटबंध का निर्माण जनवरी 2023 तक पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत को बताया कि काली नदी पर 985 मीटर लंबे तटबंध बनाए जा रहे हैं। इनमें 232 मीटर लंबी दीवार बन चुकी है। 360 मीटर लंबे सीसी ब्लॉक भी बन चुके हैं। निरीक्षण के दौरान एसडीएम नंदन कुमार, एसई सिंचाई विकास श्रीवास्तव, ईई सिंचाई वीके सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
वहां पहुंचे लोगों ने कुुुमाऊं आयुक्त से उच्च हिमालयी क्षेत्र में फैल रही गंदगी को रुकवाने, दारमा, व्यास, चौदास घाटी मेें संचार सेवा दिलाने, दारमा घाटी के ग्राम सेला, चल में प्रस्तावित पुलों का निर्माण शीघ्र करने, धारचूला के आईटीआई में मूलभूत सुविधाएं बढ़ाने की मांग की। इस मौके पर रं कल्याण संस्था के पूर्व अध्यक्ष अजय नबियाल, स्थानीय रं कल्याण अध्यक्ष दीपक रौंकली, वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता शकुंतला दताल, छोरी देवी आदि रहे।
इनरलाइन जौलजीबी शिफ्ट करने की मांग
धारचूला (पिथौरागढ़)। रं कल्याण संस्था ने कुमाऊं आयुक्त को ज्ञापन देकर इनरलाइन को पूर्व की भांति छियालेख से जौलजीबी शिफ्ट कराने की मांग की। उन्होंने दारमा घाटी में प्रस्तावित डैम निर्माण कार्य का विरोध किया। संस्था के केंद्रीय अध्यक्ष और पूर्व आईएफएस बिशन सिंह बोनाल ने दारमा, चौदास, व्यास घाटी के उच्च हिमालयी गांवों के लिए मूलभूत सुविधाएं बढ़ाने, मुख्यमंत्री की घोषणाओं को जल्द पूरा कराने, निगालपानी, गोठी, कालिका, नयाबस्ती, बलुवाकोट, जौलजीबी में मजबूत तटबंध बनाने, हेलीकॉप्टर सेवा शुरू कराने, संयुक्त चिकित्सालय में विशेषज्ञ डॉक्टर, रेडियोलॉजिस्ट, दारमा, चौदास, व्यास घाटी में दो फार्मासिस्टों की स्थायी तैनाती, दारमा घाटी के गांव तिदांग, मारछा, सीपू, गो, फिल्म, बौन, रोंगकांग तक सड़क बनाने की मांग की।