कार्बेट टाइगर रिजर्व के ढेला रेंज में बीते दिनों घायल मिले बाघ को नैनीताल जू में लाने के बाद पशु चिकित्सकों ने उसका इलाज शुरू कर दिया है। डाक्टरों के मुताबिक उसके उपचार पर पैनी निगाह रखी जा रही है, लेकिन उसके पिछले पैर में गंभीर जख्म होने और उसमें कीड़े पड़ने की वजह से बाघ की हालत गंभीर बनी हुई है। बाघ खाना भी नहीं खा रहा है।
ढेला रेंज में बीते दिनों घायल अवस्था में मिले बाघ को पशु चिकित्सक डा. दुष्यंत शर्मा के नेतृत्व में कार्बेट की टीम रामनगर से लेकर सोमवार को नैनीताल पहुंची।
जू के वन क्षेत्राधिकारी मनोज कुमार साह के मुताबिक निदेशक डा. तेजस्विनी अरविंद पाटिल के दिशा-निर्देशन में जू के वरिष्ठ पशु चिकित्सक डा. एलके सनवाल व डा.योगेश भारद्वाज इसका इलाज कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि सात वर्षीय इस नर बाघ की हालत गंभीर है। उसे मल्टी विटामिन इंजेक्शन और पेन किलर दिए जा रहे हैं।