हल्द्वानी। राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन प्रशिक्षण कार्यक्रम के दूसरे दिन प्रतिभागी कृषि सखियों को प्रगतिशील काश्तकार नरेंद्र मेहरा के खेतों का भ्रमण कराया गया। कृषि विज्ञान केंद्र की वैज्ञानिक डॉ. कंचन नैनवाल और डॉ. शशि तिवारी के नेतृत्व में कृषि सखियों के दल ने गौलापार स्थित मेहरा के खेतों में पहुंचकर प्राकृतिक खेती के तौर-तरीकों की जानकारी ली। प्रथम सत्र में प्राकृतिक खेती की आवश्यकता एवं अवधारणा पर मेहरा ने व्याख्यान दिया। डॉ. कंचन नैनवाल ने बीजामृत, जीवामृत और घनजीवामृत के बारे में बताया। दूसरे सत्र में प्रयोगात्मक कार्य के रूप में प्रतिभागियों को बीजामृत, जीवामृत, घनजीवामृत बनाकर दिखाया गया। साथ ही प्राकृतिक खेती में उपयोग की जानकारी दी गई। भ्रमण में 28 कृषि सखियों सहित कार्यक्रम समन्वयक सर्वेश कुमार पाल आदि रहे। माई सिटी रिपोर्टर