इंदिरानगर में बुधवार की रात नशेड़ियों ने दो युवकों को पीट दिया। बचाव करने पर नशेड़ी के साथियों ने पथराव कर दिया। बेस अस्पताल में मेडिकल कराने पर हमलावरों ने हंगामा काटा। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है। पुलिस का कहना है कि पकड़ा गया युवक नशेड़ी है। प्राथमिक जांच में घटना का कारण स्मैक का नशा बताया जा रहा है।
गौलाजाली निवासी तारिक ने बताया कि उसके मौसेरे भाई सलमान को नशेड़ी बुधवार की रात 11 बजे इंदिरानगर में पीट रहे थे। वह बचाव करने के लिए आया तो नशेड़ी और उनके समर्थकों पीट दिया। विरोध करने पर हमलावर पथराव करने लगे।
पथराव में तीन अन्य लोग घायल हो गए। रात के समय तारिक और सलमान बेस अस्पताल में मेडिकल कराए गए तो हमलावरों ने वहां भी हाथापाई की। हमलावरों का कहना था कि तारिक पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए मेडिकल करा रहा है।
पुलिस के आने की भनक मिलते ही हमलावर भागने लगे। इस बीच बनभूलपुरा पुलिस ने आरोपी शिबू को पकड़ लिया। उपनिरीक्षक राजेंद्र कुमार का कहना है कि शिबू नशेड़ी है और पहले भी मारपीट में पकड़ा गया था।
तारिक ने शीबू और उसके साथियों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस का कहना है कि घटना में नदीम, इमरान और खालिक भी घायल हुए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।