फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ज्वैलर्स की दुकान में आयकर छापा

Sat, 26 Nov 2016 12:22 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला ब्यूरो, हल्द्वानी।
विज्ञापन
ज्वैलर की दुकान पर पहुंची आयकर टीम - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
हल्द्वानी। इनकम टैक्स की इंवेस्टिगेशन विंग ने शुक्रवार को सोना चांदी ज्वैलर्स में छापा मारा। छापामारी से बाजार में खलबली मच गई और सर्राफा बाजार में सन्नाटा पसर गया। टीम ने नाकेबंदी कर ज्वैलर्स की दुकान को बंद कर लिया और दुकान संचालक, कर्मचारियों और ग्राहकों से घंटों पूछताछ की। देर रात तक छानबीन चली। टीम ने सोना एवं चांदी की खरीद फरोख्त के दस्तावेज जब्त कर लिए। छापामारी में क्या गड़बड़ी मिली, इसका खुलासा नहीं हो सका है। 
विज्ञापन


नोट बंदी के बाद सर्राफा बाजार में जमकर ब्लैक मनी को व्हाइट किया गया। सर्राफा कारोबारियों ने 60 हजार रुपए का दस ग्राम तक सोना बेचा। कई कारोबारी अभी भी मनमाने कीमत पर सोना एवं चांदी बेच रहे हैं। आयकर विभाग को ब्लैक मनी से सोना एवं चांदी की खरीद की जानकारी मिल रही थी। सरस मार्केट के सामने स्थित सोना चांदी ज्वैलर्स में गड़बड़ी की पुख्ता सूचना पर इनकम टैक्स की इंवेस्टिगेशन विंग ने छापामारी की। छापे में लखनऊ से डिप्टी डायरेक्टर शिव कुमार गुप्ता के नेतृत्व में टीम पहुंची।

डिप्टी कमिश्नर ने हल्द्वानी इनकम टैक्स कमिश्नर को छापामारी की सूचना देने के साथ हल्द्वानी इनकम टैक्स से असिस्टेंट कमिश्नर लोकेंद्र सिंह के साथ कोतवाली से पुलिस फोर्स मांगी। पुलिस फोर्स मिलने पर दोपहर करीब एक बजे सोना चांदी ज्वैलर्स पर छापा मारा। टीम के अधिकारियों और पुलिस फोर्स ने दुकान में प्रवेश करने के बाद बाहर से शटर में ताला लगवा दिया। दुकान के बाहर फोर्स तैनात कर दी। ज्वैलर्स संचालक, ग्राहक और स्टाफ कुछ भी समझ नहीं पाए। टीम ने ग्राहकों और स्टाफ से पूछताछ और जांच पड़ताल कर कुछ घंटों बाद दुकान से बाहर कर दिया। 
विज्ञापन


ज्वैलर्स संचालक से देर रात तक पूछताछ और सोना एवं चांदी की खरीद एवं फरोख्त की पड़ताल हुई। पड़ताल देर रात तक चली। टीम ने महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त कर लिए। छापामारी में क्या गड़बड़ी मिली, टीम अधिकारियों ने इसका खुलासा नहीं किया। सोना चांदी ज्वैलर्स में छापामारी से सर्राफा बाजार के साथ पूरे शहर में खलबली मच गई। सर्राफा बाजार के शटर गिर गए। जो दुकानें खुली भी रही, दुकानदार सहमे नजर आए। सोना चांदी ज्वैलर्स की दुकान मुख्य सड़क पर है। लिहाजा, दुकान के बाहर पुलिस फोर्स की तैनाती देख सड़क पर आवाजाही करने वाले पूछते नजर आए। इनकम टैक्स के स्थानीय अधिकारी छापामारी की जानकारी देने से बचते रहे। 

नोट बंदी के बाद हल्द्वानी में सर्राफा कारोबारी के यहां आयकर विभाग का पहला छापा है। लेकिन छापामारी की अफवाह काफी दिनों पहले से उड़ रही है। सोना चांदी ज्वैलर्स में नोट बंदी के तीसरे दिन ही छापामारी की अफवाह उड़ी थी। लेकिन आयकर विभाग के अधिकारियों ने छापामारी की किसी भी कार्रवाई से इंकार किया था। 
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें