उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घोषणा की कि राज्य में शहीद होने वाले अर्धसैनिक बलों (जैसे सीआरपीएफ, बीएसएफ, आईटीबीपी) के जवानों के परिवारों को मिलने वाली आर्थिक सहायता 10 लाख रुपये से बढ़ाकर 50 लाख रुपये कर दी जाएगी। उन्होंने काठगोदाम में एक कार्यक्रम के दौरान इन बलों के योगदान की सराहना करते हुए यह घोषणा की।
झूठे नारों को जनता ने नकारा
सीएम ने कहा कि बिहार चुनाव में खूब झूठे नारे चले लेकिन जनता ने इसे नकार दिया। आज हरियाणा, दिल्ली, महाराष्ट्र, बिहार, मध्यप्रदेश, ओडिशा, गुजरात, उत्तराखंड, यूपी हर जगह विकास के नाम पर भाजपा की सरकार बन रही है। विपक्ष के पास कुछ नहीं है। ऐसे में वह एसआईआर के जरिये झूठ का पुलिंदा लेकर राजनीतिक कर रहे हैं।
नक्सलवाद को खत्म करने का श्रेय सीआरपीएफ को है: गणेश जोशी
सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जाेशी ने कहा कि देश से नक्सलवाद को खत्म करने का श्रेय सीआरपीएफ को जाता है। गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में भारत से नक्सलवाद को समाप्त किया जा रहा है। जो बचे हैं वह भी जल्द खत्म हो जाएंगे। कहा कि पहले बलिदानी सैनिक के बच्चे को नौकरी में आवेदन की समय सीमा दो साल थी। यदि बच्चा छोटा होता तो वह नौकरी नहीं पाता था। प्रदेश सरकार ने इसे पांच साल कर दिया है।
वीर नारियों का हुआ सम्मान
कार्यक्रम में कश्मीर में तीन साल की सेवा के बाद बलिदान हुए बीएसएफ के असिस्टेंट कमांडेंट सुधीर कुमार की वीर नारी गीतांजलि बमेठा और पराक्रम पदक से सम्मानित सीआरपीएफ में एएसआई हीरा बल्लभ भट्ट की वीर नारी समता भट्ट को सीएम को सम्मानित किया।