कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने 2017 में उत्तराखंड मांगा है। सम्मेलन में सभी कार्यकर्ताओं को संकल्प लेना चाहिए कि 2017 में उत्तराखंड को भाजपा मुक्त करना होगा।
कार्यकर्ताओं के सम्मान के लिए हर लड़ाई लड़ी जाएगी। कार्यकर्ताओं को एहसास होगा कि प्रदेश में उनकी सरकार है।
सम्मेलन में कार्यकर्ताओं के तल्ख तेवर और अपने ही राष्ट्रीय सचिव के कार्यकर्ताओं के सम्मान को लेकर किए गए हमले के बाद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष भड़की आग पर पानी के छींटे डालते नजर आए।
कहा कि राष्ट्रीय सचिव प्रकाश जोशी की कुछ बातों से मैं सहमत हूं। कार्यकर्ताओं के सम्मान के लिए हर स्तर पर लड़ाई लड़ी जाएगी। कार्यकर्ताओं को एहसास कराया जाएगा कि प्रदेश में उनकी सरकार चल रही है।
संगठन कार्यकर्ताओं के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलेगा। उपाध्याय ने कहा कि अब शिकवा-शिकायतों का समय नहीं रह गया है। कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर 2017 में कांग्रेस को सत्ता में लाना है।
कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कुमाऊं के प्रवेश द्वार हल्द्वानी में 2017 उत्तराखंड मांगा था। हम 2017 में भाजपा मुक्त उत्तराखंड देंगे। कहा कि कांग्रेस राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी का भी मानना है कि पार्टी के लिए तीन से चार वर्षों तक काम कर चुके लोगों पर गंभीरता से विचार किया जाए।
टिकट बंटवारे के समय इस बात को ध्यान में रखा जाएगा। वित्त मंत्री डा. इंदिरा हृदयेश ने कहा कि विकास का एजेंडा सिर्फ और सिर्फ कांग्रेस के पास है। विकास का दूसरा नाम ही कांग्रेस है। कांग्रेस ने ही देश और प्रदेश में विकास किया है।
सिंचाई मंत्री यशपाल आर्य ने कहा कि बिना कार्यकर्ता के कुछ भी हासिल नहीं किया जा सकता। कार्यकर्ताओं को हर स्तर पर सम्मान मिलना चाहिए।
जेनेरिक मेडिकल स्टोर खोलने की मांग
सुशीला तिवारी अस्पताल में जेनेरिक मेडिकल स्टोर खोलने के लिए लोगों ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय को ज्ञापन दिया। कहा कि मरीजों को बाहर से महंगी दवाएं खरीदनी पड़ती हैं।
पहाड़ से आने वाले गरीब मरीजों को परेशानी होती है। मरीजों की असुविधा को देखते हुए जेनेरिक मेडिकल स्टोर खोला जाना चाहिए।
उपनल कर्मियों ने की नियमितीकरण की मांग
सुशीला तिवारी अस्पताल में कार्यरत 850 उपनल कर्मियों ने नियमितीकरण की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के औद्योगिक सलाहकार रंजीत रावत को ज्ञापन सौंपा। कर्मियों ने कहा कि सभी विगत 10-15 वर्षों से कार्यरत हैं।
राजकीयकरण होने के बाद कर्मियों की स्थिति दयनीय हो गई है। ट्रस्ट के समय 16 सौ पद स्वीकृत थे। राजकीयकरण होने के बाद शासन 1005 पद स्वीकृत किए हैं। कर्मियों ने रावत से शीघ्र नियमितीकरण किए जाने की मांग की है।
सोनिया और राहुल का नाम भूले
सम्मेलन शुरू होने के साथ ही कांग्रेस पार्टी, हरीश रावत, किशोर उपाध्याय जिंदाबाद के नारे लग रहे थे। उत्साहित पदाधिकारी कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी का नाम भूल गए।
मंच पर बैठे प्रदेश अध्यक्ष ने सोनिया और राहुल के अलावा सिंचाई मंत्री यशपाल आर्य का नाम भी याद दिलाया।