नैनीताल। वीरभट्टी क्षेत्र में अवैध रूप से चलाए जा रहे मदरसे के प्रबंधकों ने मदरसे के आसपास की सरकारी भूमि पर अतिक्रमण किया है। मामला संज्ञान में आने के बाद प्रशासन ने मदरसा संचालक को नोटिस जारी कर सरकारी भूमि से अतिक्रमण को हटाने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए संचालक को सात दिन की मोहलत दी गई है।
एक शिकायत के बाद जिला प्रशासन की टीम ने आठ अक्तूबर को वीरभट्टी स्थित मदरसे का औचक निरीक्षण किया था। तब पता चला कि मदरसा अवैध रूप से संचालित किया जा रहा है। इस पर प्रशासन ने मदरसे के तीन कमरों को सील कर वहां मिले बच्चों को हल्द्वानी में पूछताछ के बाद उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया था।
एसडीएम प्रमोद कुमार ने बताया कि राजस्व और वन विभाग की टीम ने मदरसे की भूमि की जांच की तो वहां एक नाली पांच मुट्ठी सरकारी भूमि में अवैध निर्माण पाया गया। बताया कि मदरसा संचालक मो. उमर को नोटिस जारी कर सरकारी भूमि में किए गए निर्माण संबंधी दस्तावेज दिखाने या सात दिन के भीतर अतिक्रमण को स्वयं ही हटाने के निर्देश दिए हैं।
एसडीएम ने बताया कि यदि संचालक ने दस्तावेज भी नहीं दिखाए और स्वयं अतिक्रमण नहीं हटाया तो प्रशासन अपने स्तर पर अतिक्रमण हटाएगा।