रामनगर। खनन माफिया ने वनकर्मियों को डरा, धमकाकर अवैध खनन में लिप्त एक वाहन को जबरन छुड़ा लिया। इसके बावजूद वन विभाग ने अवैध खनन में लिप्त 16 वाहन सीज कर दिए। नदी से वापसी के बाद टीम आरोपियों के खिलाफ कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराने की तैयारी में है। तराई पश्चिमी वन प्रभाग के एसडीओ बलवंत शाही के नेतृत्व में वनकर्मियों की टीम ने शुक्रवार को कोसी के कठिया पुल गेट के पास वाहनों की चेकिंग की। टीम को देखते ही खनन कारोबारियों, ट्रांसपोर्टरों में खलबली मच गई। इससे अवैध खनन में जुटे लोग वाहन लेकर भागने लगे लेकिन जंगलात की टीम ने चौतरफा घेराबंदी कर कई स्थानों से 16 वाहनों को पकड़ लिया।
इनमें एक डंपर, 12 ट्रैक्टर-ट्रॉली, एक कार, दो बाइक शामिल हैं। इसी बीच एक वाहन स्वामी अपने कुछ साथियों के साथ मौके पर ही वनकर्मियों से भिड़ गया। आरोप है कि खनन माफिया ने वनकर्मियों को धमकाते हुए जंगलात की टीम के कब्जे से एक वाहन को जबरन छुड़ा लिया। एसडीओ शाही ने बताया कि टीम ने देर रात तक छापे मारे। नदी तल से पूरे स्टाफ की वापसी के बाद ही खनन माफिया के खिलाफ कोतवाली में घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।