नैनीताल। जिले की ट्रैफिक व्यवस्था ठीक करने के लिए अब आईआईएम काशीपुर योजना बनाएगी। सोमवार को टीम ने पुलिस के साथ नैनीताल, कैंची धाम आदि जगहाें का निरीक्षण किया। टीम रिपोर्ट तैयार कर पुलिस महानिरीक्षक को सौंपेगी।
आईजी कुमाऊं रिद्धिम अग्रवाल यातायात को लेकर गंभीर हैं। आए दिन लग रहे जाम के बाद आईजी ने आईआईएम की टीम को ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार के लिए योजना बनाने की जिम्मेदारी दी है। सोमवार को आईआईएम टीम ने पुलिस के साथ नैनीताल, भवाली, भीमताल और कैंची धाम की यातायात, पार्किंग व्यवस्था का जायजा लिया। टीम ने से व्यवस्थाओं की जानकारी भी मांगी।
पुलिस टीम ने सप्ताहांत में होने वाली दिक्कतें, सीमित पार्किंग व्यवस्था और डायवर्जन की जानकारी दी। मैप के माध्यम से भी टीम को पर्यटन स्थलों और मंदिरों की जानकारी दी गई। यहां आने वाले पर्यटकों की संख्या के बारे में भी बताया।
अब निरीक्षण, स्थानीय लोगों से वार्ता और पुलिस से जानकारी लेेने के बाद टीम विस्तृत रिपोर्ट तैयार करेगी। टीम में आईआईएम काशीपुर के प्रो. जगदीश साहू, प्रो. देवेंद्र पाठक, प्रो. मोहित के साथ कोतवाल हेमचंद्र पंत, यातायात निरीक्षक वेद प्रकाश भट्ट व एसओ रमेश बोरा मौजूद रहे।
आईजी की ओर से आईआईएम की टीम से निरीक्षण कराया गया है। व्यवस्थाओं और दिक्कतों का अध्ययन कर रिपोर्ट आईजी को सौंपी जाएगी। इसके आधार पर पुलिस व अन्य विभाग यातायात प्लान बना सकेंगे। - डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी यातायात व अपराध, नैनीताल
टीम की ओर से निरीक्षण के बाद रिपोर्ट के आधार पर क्षेत्र की यातायात व्यवस्थाओं के लिए अल्पकालीन और दीर्घकालीन प्लान बनाए जा सकेंगे। - प्रो. सोमनाथ चक्रवर्ती, डीन एकेडमी, आईआईएम, काशीपुर