हल्द्वानी। सर्दी में आपको गर्म कपड़े और सावधानी बीमार होने से बचा लेती है लेकिन आपकी जरा सही लापरवाही आपके पालतू पशु पर भारी पड़ सकती है। यह कहना है हल्द्वानी के पशु चिकित्सक डॉ. अनुज अग्रवाल का। उन्होंने बताया कि अपने कुत्ते, बिल्ली और दूसरे पालतू जानवरों को सर्दी से बचाने के लिए जरूरी उपाय करने चाहिए अन्यथा इन्हें संक्रमण से लेकर डिहाड्रेशन तक हो सकता है और उनकी जान तक जा सकती है।
डॉ. अग्रवाल ने बताया कि कुछ कुत्तों की नस्लों में बालों का मोटा फर होता है जो उन्हें बहुत ठंडे तापमान में भी स्वाभाविक रूप से गर्म रखता है लेकिन पतले कोट वाले कुत्तों को सर्दियों की सैर पर जाने से पहले स्वेटर या कोट पहनाना जरूरी है। डॉ. अग्रवाल ने बताया कि इसके अलावा अपने पालतू पेट को ठंड के मौसम में हेवी प्रोटीन डाइट जरूर दें।
इन बातों का रखें ध्यान
- थाेड़ी देर धूप में जरूर रखें, जिससे उन्हें सर्दी से बचने में मदद मिलेगी।
- ठंड के मौसम में पालतू जानवर को गर्मी के मुकाबले ज्यादा भोजन देना चाहिए।
- ठंडी चीज आप अपने पालतू जानवर को न दें। सही मात्रा में पानी पिलाएं।
- पानी कम पीने के कारण भी वह बीमार हो सकते हैं। उन्हें हल्का गर्म पानी पीने को दें।
- उनकी स्किन पर नारियल का तेल लगाएं जिससे उन्हें नमी मिलेगी।