कालाढूंगी/बैलपड़ाव (नैनीताल)। डीएम दीपेंद्र चौधरी, एसएसपी जन्मेजय खंडूरी, उपनिदेशक खनन राजपाल लेघा की संयुक्त टीम ने शनिवार को खनन क्षेत्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सभी जगहों पर खनन बंद मिला। डीएम ने बकाएदारों से जुर्माना राशि शीघ्र जमा करवाने को कहा। अन्यथा पट्टा धारक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी।
कालाढूंगी तहसील के बैलपड़ाव क्षेत्र में स्थित उदयपुरी, हिम्मतपुर, पत्तापानी, सेमलचौड़ में नौ किसानों ने कृषि भूमि समतलीकरण के नाम पर खनन पट्टों की अनुमति ली है। पिछले दिनों खनन, राजस्व विभाग की टीम ने इन क्षेत्रों पर छापा मारा तो वहां अनुमति से अधिक क्षेत्र, गहराई में खुदाई मिली तो सात किसानों पर 2.15 करोड़ रुपये का जुर्माना किया गया था। इसे वसूलने की संस्तुति रिपोर्ट डीएम को भेजी थी लेकिन किसानों ने यह जुर्माना जमा नहीं किया। इस पर टीम ने शनिवार को दोबारा खनन पट्टों का स्थलीय निरीक्षण किया।
डीएम चौधरी ने बताया कि सभी खनन पट्टे मौके पर बंद मिले। जिन किसानों पर जुर्माने की कार्रवाई हुई है, उनसे शीघ्र जुर्माना जमा करवाने को कहा गया है। डीएम को पता चला कि कुछ बिचौलिए विभाग के साथ मिल कर सांठगांठ से जुर्माना राशि को कम करवा देते हैं, इन मामलों की जांच के लिए समिति का गठन किया जाएगा। जांच समिति इसकी निगरानी करेगी। समय पर जुर्माना जमा न करने वालों से खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी। इस दौरान एसडीएम अशोक जोशी, कोतवाल बीएल विश्वकर्मा भी मौजूद रहे।