नैनीताल। मानसून के दौरान नालों और सड़कों पर जलभराव के बाद जल संस्थान ने मुनादी कर सीवर लाइनों से छतों के पानी के कनेक्शन हटाने की अपील की है। टीम ने चेतावनी दी है कि अवैध कनेक्शन जल्द नहीं हटाने पर संयुक्त टीम कार्रवाई करेगी।
मंगलवार को मूसलाधार बारिश के दौरान मल्लीताल मस्जिद तिराहे व डीएसए मैदान में जलभराव के साथ ही तल्लीताल बाजार में निकासी नहीं होने से पानी गलियों में बहने लगा था। इससे कई दुकानों में पानी घुस गया था। बुधवार को डीएम ने समस्या को लेकर विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। बृहस्पतिवार को एसडीएम के नेतृत्व में जल संस्थान ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में मुनादी कराई। इस दौरान सीवर लाइन से छत व बाथरूम का कनेक्शन हटाने की अपील की। जल संस्थान के अधिशासी अभियंता रमेश गर्ब्याल ने बताया कि छतों का पानी सीवर लाइन में जाता मिला तो चालान की कार्रवाई की जाएगी। वहीं नगर पालिका कर्मी मस्जिद तिराहे के पास सड़क किनारे नाली की सफाई में जुटे रहे। एसडीएम नवाजिश खलिक ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशों पर राजस्व, लोनिवि, नगर पालिका, जल संस्थान, सिंचाई विभाग की संयुक्त टीम गठित की जा रही है।