हल्द्वानी। उच्च शिक्षा विभाग ने स्नातक प्रथम सेमेस्टर में दाखिले के लिए फीस जमा करने की अंतिम तिथि 20 जून निर्धारित की गई है। यदि छात्र-छात्राओं ने 20 जून तक फीस जमा नहीं की तो उनके आवेदन निरस्त हो जाएंगे।
एमबीपीजी कॉलेज में स्नातक प्रथम सेमेस्टर में दाखिले के लिए 5397 छात्र-छात्राओं ने आवेदन किए हैं। भीषण गर्मी के कारण अभी तक सिर्फ 32 फीसदी आवेदक ही प्रवेश के लिए पहुंचे हैं। मंगलवार को 197 विद्यार्थियों के दस्तावेज सत्यापित कर प्रवेश दिया गया। बीए प्रथम सेमेस्टर में 95, बीकॉम में 55, बीएससी गणित में 25 और बीएससी बायो में 22 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया। मनपसंद विषय लेने के लिए छात्र-छात्राओं को पहले आओ पहले पाओ के तहत फीस जमा कर प्रवेश पूर्ण करना होगा। विषयवार निर्धारित सीटों में प्रवेश पूर्ण होने पर उन विषयों को लॉक कर दिया जाएगा। प्राचार्य प्रो. एनएस बनकोटी ने बताया कि फीस जमा करने की अंतिम तिथि 20 जून है। आवेदन करने वाले सभी छात्र-छात्राएं प्रवेश के लिए पहुंचे और 20 जून तक समर्थ पोर्टल के माध्यम से अनिवार्य रूप से फीस जमा कर लें।
बीए की दूसरी प्रतीक्षा सूची जारी
हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज की वेबसाइट में मंगलवार को द्वितीय प्रतीक्षा सूची जारी कर दी गई है। बीए में सामान्य वर्ग की मेरिट 40 प्रतिशत, ओबीसी में 38 प्रतिशत, एससीएसटी में 40 प्रतिशत कटऑफ है। 14 जून तक समर्थ पोर्टल के जरिए आवेदन करने वाले सभी छात्र-छात्राएं मेरिट में शामिल हैं। सभी छात्रों को 20 जून तक दस्तावेज सत्यापित करते हुए फीस जमा कर प्रवेश लेना है। संवाद
खाते से धनराशि कटने के बाद भी फीस जमा करने का आ रहा ऑप्शन
हल्द्वानी। समर्थ पोर्टल के माध्यम से विद्यार्थी फीस जमा कर रहे हैं। खाते से धनराशि कटने के बाद भी प्रवेश की पुष्टि नहीं हो पा रही है। फीस जमा करने के बाद भी फीस भुगतान करने का ऑप्शन आने से छात्र-छात्राओं में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। इस संबंध में कई विद्यार्थियों ने प्रवेश समिति में पहुंचकर अपनी शंका का समाधान पूछा। छात्रों का कहना है कि समर्थ पोर्टल पर फीस जमा करते समय उनके खाते से धनराशि कट गई है। इसके बावजूद फीस जमा करने का विकल्प आ रहा है। फीस जमा हुई या नहीं, इसकी जानकारी भी नहीं मिल पा रही है। छात्रों की शिकायत पर प्रवेश समिति की ओर से समर्थ पोर्टल के अधिकारियों को अवगत करा दिया है। संवाद
स्नातक प्रथम सेमेस्टर में संकायवार सत्यापित प्रवेश
कक्षा निर्धारित सीटें सत्यापित प्रवेश
बीए 1360 940
बीकॉम 640 345
बीएससी गणित 560 220
बीएससी बायो 560 173