कालाढूंगी। नगर पालिका ने शिशु मंदिर के पास स्थित मेथी शाह नाले पर अतिक्रमण को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए 35 अतिक्रमणकारियों को अंतिम नोटिस जारी कर दिया है। पालिका ने चेतावनी दी है कि 15 दिनों के भीतर अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो जेसीबी की मदद से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर-1 में शिशु मंदिर के समीप बहने वाले मेथी शाह नाले की सरकारी भूमि पर कुछ लोगों ने अतिक्रमण कर पक्के और आलीशान मकान बना लिए गए हैं। स्थानीय ग्रामीणों की शिकायत के बाद प्रशासन ने पूर्व में भी अतिक्रमण हटाने के लिए नोटिस जारी किए थे लेकिन किसी भी अतिक्रमणकारी ने कार्रवाई नहीं की। इसके बाद अब नगर पालिका ने तीसरा और अंतिम नोटिस जारी कर दिया है। पालिका प्रशासन का कहना है कि नोटिस की 15 दिन की अवधि समाप्त होने के बाद अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया जाएगा और सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा। सामाजिक कार्यकर्ता कमल बोरा ने कहा कि सरकारी भूमि पर कब्जा करने वाले कई लोगों के कालाढूंगी में पहले से ही पक्के मकान हैं, इसके बावजूद लगभग 35 परिवार सरकारी भूमि पर अवैध रूप से कब्जा कर रह रहे हैं।
35 अतिक्रमणकारियों को अंतिम नोटिस जारी किया गया है। यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो नगर पालिका स्वयं जेसीबी की मदद से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करेगी। -अभिनव कुमार, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका