मुखानी के घोड़ाखाल गली, लेन नंबर-1 शक्तिनगर में शनिवार देर रात हुई मारपीट और पथराव के मामले में स्थानीय लोगों ने पुलिस बहुउद्देशीय भवन पर सोमवार को प्रदर्शन किया। उन्होंने आरोपियों पर कार्रवाई के साथ ही क्षेत्र में श्रमिक आवास खाली कराने की बात की।
शक्तिनगर में शनिवार रात मजदूरों के दो पक्षों में विवाद हो गया था। देखते ही देखते झगड़ा इतना बढ़ गया एक युवक ने श्रमिक युवती के सिर पर ईंट मार दी। किसी ने इसकी वीडियो बनाकर वायरल कर दी। स्थानीय लोगों ने बताया कि आये दिन इस तरह के झगड़े हो रहे हैं। इससे क्षेत्र की महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों में डर का माहौल है। सोमवार को सभी एकत्र होकर एसपी सिटी कार्यालय पहुंचे और कार्रवाई की मांग की। इससे पहले उन्होंने मेयर गजराज बिष्ट को भी पत्र सौंपा। कहा कि पूरी कॉलोनी में मजदूरों के कारण दहशत का माहौल बना हुआ है।
क्षेत्रवासियों ने जिन तीन मकान मालिकों के नाम सौंपे हैं, उनसे पूछताछ की जा रही है। मुखानी पुलिस को सभी आवासों में रहने वाले किरायेदारों का सत्यापन कराने के निर्देश दिए गए हैं।
-मनोज कुमार कत्याल, एसपी सिटी