हल्द्वानी। तबादलों के बाद बेस अस्पताल में कई महत्वपूर्ण विभागों में डॉक्टरों की कमी होने की आशंका बन गई है। स्थानांतरित डॉक्टर अगले दो-तीन दिनों में नई तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करेंगे। उनके स्थान पर समय रहते रिलीवर नहीं भेजे गए तो अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं।
बेस अस्पताल में निश्चेतक का केवल एक पद स्वीकृत है। इस पर पर तैनात चिकित्सक का स्थानांतरण हो चुका है। ईएनटी सर्जन, सर्जरी, नेत्र रोग विभाग के दो-दो पदों में से एक-एक विशेषज्ञ का भी तबादला हो गया है। पैथोलॉजी में तैनात तीन चिकित्सक लंबे अवकाश पर हैं। एक अन्य का भी स्थानांतरण हो चुका है। ऐसे में कई विभागों का संचालन चुनौतीपूर्ण हो सकता है। अस्पताल के प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मनोज कुमार तिवारी ने बताया कि स्थानांतरित डॉक्टर जल्द ही नई तैनाती पर चले जाएंगे। यदि उनके स्थान पर रिलीवर नहीं मिला तो अस्पताल की व्यवस्थाएं प्रभावित होंगी। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर इस संबंध में निदेशालय स्तर पर मामला उठाया जाएगा।
.....
महिला अस्पताल में भी बाल रोग विशेषज्ञ की कमी का खतरा
महिला अस्पताल के एकमात्र बाल रोग विशेषज्ञ का रुद्रपुर स्थानांतरण हो चुका है और उनके जल्द कार्यमुक्त होने की संभावना है। अस्पताल में प्रतिदिन 40 से 50 बच्चों की ओपीडी होती है जबकि नवजात शिशुओं की देखभाल की जिम्मेदारी भी इसी विशेषज्ञ पर रहती है। ऐसे में उनके जाने के बाद बाल रोग सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। प्रभारी सीएमएस डॉ. कांता किरन ने बताया कि अभी तक रिलीवर नहीं मिला है। कुछ समय तक वह स्वयं बच्चों की जांच कर लेंगी लेकिन अस्पताल की प्रशासनिक जिम्मेदारियों के साथ लंबे समय तक दोनों कार्य संभालना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि अब अगली तबादला सूची और रिलीवर मिलने का इंतजार है।