फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एसटीएच में आईसीयू भरा, कोविड से नौ की मौत

विज्ञापन
विज्ञापन
हल्द्वानी। सुशीला तिवारी अस्पताल में आईसीयू पैक हो गए हैं। आईसीयू में एक भी बेड नहीं है। एसटीएच में शुक्रवार को कोविड पॉजिटिव नौ मरीजों की मौत हो गई। जिले में शुक्रवार को कोविड पॉजिटिव 317 नए केस आए हैं जबकि 4536 की रिपोर्ट का इंतजार है।
विज्ञापन

एसटीएच के एमएस डॉ. अरुण जोशी ने बताया कि एसटीएच में हल्द्वानी निवासी 51 वर्षीय व्यक्ति को 20 अप्रैल, 47 वर्षीय व्यक्ति को 19 अप्रैल, पिथौरागढ़ निवासी 64 वर्षीय व्यक्ति को 22 अप्रैल, बाजपुर निवासी 55 वर्षीय व्यक्ति को 21 अप्रैल को भर्ती कराया गया था। पीलीभीत निवासी 72 वर्षीय बुजुर्ग को 21 अप्रैल, रुद्रपुर निवासी 51 वर्षीय व्यक्ति को 20 अप्रैल, रामनगर निवासी 50 वर्षीय व्यक्ति को 23 अप्रैल, 55 वर्षीय व्यक्ति को 13 अप्रैल, हल्द्वानी निवासी 65 वर्षीय वृद्धा को 21 अप्रैल को भर्ती कराया गया था। सभी की शुक्रवार को मौत हो गई। उन्होंने कहा कि एसटीएच में कोविड पॉजिटिव 343 मरीज भर्ती हैं और 90 की हालत गंभीर हैं जबकि आइसोलेशन में आठ को रखा गया है। दूसरी ओर बेस अस्पताल के सीएमएस कार्यालय के दो कर्मी कोविड पॉजिटिव आए हैं।
एसटीएच के एक भी डॉक्टर नहीं पहुंचे बेस
बेस अस्पताल की ओपीडी में 610 मरीज आए, बेस के सीएमएस बोले मेडिकल कॉलेज से अभी नहीं आया है कोई पत्र
माई सिटी रिपोर्टर
हल्द्वानी। डीएम के आदेश के बाद भी शुक्रवार को सोबन सिंह जीना बेस अस्पताल की ओपीडी में एसटीएच के एक भी डॉक्टर नहीं पहुंचे। राजकीय मेडिकल कालेज के प्राचार्य डीएम की बैठक के मिनट का इंतजार कर रहे हैं। मिनट आने के बाद डॉक्टरों की ड्यूटी लगाई जाएगी।
विज्ञापन

डीएम धीराज सिंह गर्ब्याल ने बृहस्पतिवार को आदेश दिए थे कि एसटीएच के डॉक्टर सोबन सिंह जीना बेस अस्पताल की ओपीडी में मरीजों को परामर्श देंगे। बेस अस्पताल की ओपीडी में शुक्रवार सुबह से ही मरीज पहुंच गए थे। आज ओपीडी में 610 मरीज पहुंचे मगर एसटीएच के एक भी डॉक्टर शुक्रवार को ओपीडी में नहीं पहुंचे। राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सीपी भैसोड़ा ने कहा कि डीएम की बैठक की मिनट का इंतजार कर रहे हैं। बताया कि मेडिसिन और एनस्थीसिया के डॉक्टर बेस अस्पताल में नहीं भेजे जाएंगे। आर्थोपेडिक, सर्जरी, न्यूरो, आंख, दंत और त्वचा रोग के विभाग के ही डॉक्टर ही भेजने की स्थिति में हैं।
वेंटीलेटर की जरूरत पड़ी तो खुलवाया विभागाध्यक्ष का कमरा
हल्द्वानी। सुशीला तिवारी अस्पताल में कोविड मरीजों की संख्या बढ़ने के साथ ही वेंटीलेटर की जरूरत भी पड़ने लगी है। शुक्रवार को वेंटीलेटर की जरूरत पड़ने पर सर्जरी विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष का कमरा राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य ने खुलवाया। कमरे में दो वेंटीलेटर भी रखे हुए थे।
सितंबर में राजकीय मेडिकल कॉलेज में सर्जरी विभाग के विभागाध्यक्ष का अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज स्थानांतरण हो गया था। उनके स्थानांतरण के बाद डॉ. भुवन को विभागाध्यक्ष बनाया गया था। डॉ. भुवन ने पूर्व विभागाध्यक्ष का कमरा खुलवाने के लिए प्राचार्य को कई पत्र लिखे थे मगर कोई कार्रवाई नहीं हुई। राजकीय मेडिकल काम्लेज के प्राचार्य डॉ. सीपी भैसोड़ा की मौजूदगी में आज पूर्व विभागाध्यक्ष का कमरा खुलवाया गया। डॉ. भैसोड़ा ने बताया कि कमरे की चाबी एसटीएच में ही थी। आज कमरा खोल दिया गया और कमरे में दो वेंटीलेटर भी थे। हालांकि अस्पताल में वेंटीलेटर की कोई कमी नहीं हो रही है। पूर्व विभागाध्यक्ष के कक्ष में रखी दो अलमारी अभी भी नहीं खुल सकी हैं। डॉ. भैसोड़ा ने कहा कि पता किया जाएगा कि अलमारी की चाभी किसके पास हैं।
मेडिकल कॉलेज में पांच डॉक्टर कोविड पॉजिटिव
हल्द्वानी। राजकीय मेडिकल कॉलेज में पांच डॉक्टर कोविड पॉजिटिव आए हैं। राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सीपी भैसोड़ा ने बताया कि टीबी एवं सांस रोग विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. डीसी पुनेरा, हड्डी रोग विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. पंकज सिंह, एनस्थीसिया विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. एके सिन्हा, फार्माकोलॉजी विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. भावना श्रीवास्तव और कैज्युअल्टी मेडिकल ऑफिसर डॉ. अतुल सक्सेना कोविड पॉजिटिव आए हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें