भीमताल (नैनीताल)। लाल बहादुर शास्त्री भारतीय प्रशासनिक एकेडमी मसूरी के वर्ष 2025 बैच के प्रशिक्षु आईएएस इन दिनों नैनीताल जिले के भ्रमण पर हैं। सोमवार को नोडल अधिकारी डीडीओ गोपाल गिरी गोस्वामी के नेतृत्व में 10 प्रशिक्षु आईएएसों ने भीमताल के केंद्रीय शीतजल मात्स्यिकी अनुसंधान संस्थान और एरीज का भ्रमण किया। मात्स्यिकी अनुसंधान संस्थान में उन्होंने मत्स्य पालन के संबंध में वैज्ञानिकों से विस्तृत जानकारी ली। साथ ही मत्स्य पालन से किसानों की आजीविका में कैसे प्रभाव पड़ता है, इसकी व्यावहारिक जानकारी भी ली। उन्होंने एरीज का भ्रमण कर खगोल विज्ञान और ब्रह्मांड के लिए किए जा रहे रिसर्च की जानकारी प्राप्त की। नोडल अधिकारी गोपाल गिरी गोस्वामी ने बताया कि विभिन्न राज्यों के प्रशिक्षु आईएएस को विस्तृत जानकारी दी गई।