नैनीताल। छात्रसंघ चुनाव की तिथि जारी करने की मांग को लेकर सोमवार को रातभर कुमाऊं विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन में धरने पर बैठे छात्रनेताओं ने मंगलवार से भूख हड़ताल शुरू कर दी। कुछ छात्रनेताओं ने उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धनसिंह रावत के खिलाफ नारेबाजी कर उनका पुतला फूंका।
छात्रों ने चेतावनी दी कि चुनाव की तिथि जारी होने तक भूख हड़ताल की जाएगी। भूख हड़ताल पर आशीष कबडवाल, विशाल बिष्ट, अभिषेक कुमार, करन सती, सौरभ कुमार और अंशुल कुमार बैठे हुए हैं। वहां हर्षित अधिकारी, कमलेश कुमार, प्रशांत मेहरा, सागर मेहरा, मोहित गोयल, देव चौहान, शुभम कुमार आदि थे।
इधर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने कुलपति प्रो. दीवान सिंह रावत को छात्रसंघ चुनाव की तिथि घोषित करने के संबंध में ज्ञापन सौंपा। चेतावनी दी कि यदि जल्द ही चुनाव की तिथि घोषित नहीं की गई तो छात्र आंदोलन की राह अपनाएंगे। वहां उत्कर्ष बिष्ट, तनिष्क मेहरा, पंकज भट्ट, सूरज रमोला आदि थे। वहीं कुलपति प्रो. रावत ने कहा कि छात्रों की मांग शासन तक पहुंचा दी गई है। छात्रसंघ चुनाव के संबंध में शासन की ओर से ही निर्णय लिया जाना है।