राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर डीएम दीपक रावत की अध्यक्षता में जनप्रतिनिधियों, सरकारी सेवकों, राजनैतिक दलों, एनएसएस, एनसीसी कैडेट्स को शतप्रतिशत मतदान करने के लिए शपथ दिलाई गई। झील किनारे मानव श्रृंखला बनाकर जागरूकता रैली निकाली गई। सांस्कृतिक दलों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए।
इस दौरान डीएम दीपक रावत और एसएसपी सेंथिल अबुदई ने भीमताल विधानसभा की 103 वर्षीय मतदाता रेवती देवी को शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इसके अलावा नए बने युवा मतदाता विवेक कुमार, अरुण कुमार, भूपेंद्र कुमार, हिमानी जोशी, देविका अधिकारी, रोहन नेगी को भी पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम में एडीएम उदय सिंह राणा, एसडीएम आशीष चौहान, सहायक निर्वाचन अधिकारी दिनेश आर्या, नोडल अधिकारी पालिका ईओ रोहिताश शर्मा, पूर्व विधायक खड़क सिंह बोहरा, पूर्व पालिकाध्यक्ष मुकेश जोशी, पीसी जोशी, हिमानी जोशी पेटवाल, विवेक साह, किशन सिंह नेगी, कुंदन बिष्ट, अजमल हुसैन, जमील अहमद, शोएब अहमद, महेंद्र बिष्ट, विवेक राठौर आदि थे।
निबंध में तारा, स्लोगन में मदन अव्वल
राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर जिला प्रशासन की ओर से कराई गई निबंध प्रतियोगिता में जीआईसी बबियाड़ के छात्र तारादत्त प्रथम, राउमावि रामगढ़ के नीरज कुमार द्वितीय और जीआईसी बबियाड़ की रेनू बडोला तृतीय रहीं। इन्हें क्रमश: दो, डेढ़ और एक हजार रुपए का नगद पुरस्कार दिया गया। स्लोगन प्रतियोगिता में अव्वल स्लोगन के लिए नैनीताल के मदन मोहन भट्ट को ‘जागरूक मतदाता भारत के भाग्य विधाता’ पर दो हजार रुपए का पुरस्कार दिया गया।
एमबी हल्द्वानी के 152 बच्चे हुए शामिल
एमबी डिग्री कालेज हल्द्वानी के प्रवक्ता डा. एचएस भाकुनी के नेतृत्व में एनएसएस, एनसीसी और रोवर रेंजर्स के 152 विद्यार्थियों ने मानव श्रृंखला में प्रतिभाग किया। इस दौरान डा. प्रसून जोशी, डा. संजीव सक्सेना आदि थे।