एचटी (हाईटेंशन) और एलटी (लो टेंशन) लाइन के आपस में उलझने से 11 केवी लाइन में फाल्ट आ गया और बिठौरिया फीडर चार घंटे तक बंद रहा। लोगों को चार घंटे तक बिना बिजली के रहना पड़ा। रविवार की देर रात आई आंधी के कारण भी शहर एवं ग्रामीण क्षेत्र अंधेरे में डूबे रहे।
रविवार की देर शाम तेज आंधी के बाद झमाझम बारिश हुई थी। तेज आंधी के कारण ग्रामीण और नगर क्षेत्र घंटों अंधेरे में डूबे रहे। आंधी के कारण उपकेंद्रों से निकलने वाले फीडरों को बंद कर दिया गया था। आंधी थमने के बाद कुछ क्षेत्रों में तो आपूर्ति सामान्य हो गई जबकि कुछ क्षेत्रों में ट्रांसफार्मर के फ्यूज उड़ गए थे।
फाल्ट ठीक होने के बाद आपूर्ति सामान्य हुई थी। सोमवार की दोपहर लगभग 12 बजे भट्ट कालोनी, शिव पार्वती विहार समेत अन्य क्षेत्रों की बिजली गुल हो गई। ग्रामीण क्षेत्र के अधिशासी अभियंता अमित आनंद ने बताया कि एचटी और एचटी लाइन आपस में उलझ गई थी। लोड अधिक होने के कारण चैनल नीचे आ गया था। 11 केवी लाइन में फाल्ट आने के कारण कठघरिया उपकेंद्र से निकलने वाले बिठौरिया फीडर को बंद किया गया। दोपहर लगभग साढ़े तीन बजे बिजली आपूर्ति सामान्य हो सकी।