भीमताल/भवाली/मुक्तेश्वर (नैनीताल)। कोरोना संक्रमण के चलते मुक्तेश्वर होटल एसोसिएशन ने 31 मार्च तक क्षेत्र के होटल बंद रखने का निर्णय लिया है। हालांकि भीमताल, सातताल, नौकुचियाताल, मेहरागांव और भवाली के होटल खुले रहेंगे।
मुक्तेश्वर होटल एसोसिएशन अध्यक्ष प्रदीप दरमवाल ने बताया कि मुक्तेश्वर के 25 से अधिक होटलों को 31 मार्च तक बंद किया है। भीमताल होटल एसोसिएशन अध्यक्ष विनोद गुणवंत ने बताया कि भीमताल, सातताल और नौकुचियाताल क्षेत्र के होटल खुले रहेंगे। सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए मास्क, दस्ताने और सैनिटाइजर का इस्तेमाल किया जाएगा, ताकि कोरोना वायरस से बचाव किया जा सके।
भवाली होटल एसोसिएशन अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद कपिल ने बताया कि भवाली क्षेत्र के होटल फिलहाल खुले रहेंगे। होटल में साफ-सफाई, सैनिटाइजर और कर्मियों को मास्क और दस्ताने पहनकर काम करने को कहा गया है।
कोरोना को लेकर डॉ. चेतन बने सतबूंगा क्षेत्र के नोडल अधिकारी
रामगढ़/भवाली (नैनीताल)। कोरोना वायरस से बचाव के लिए सीएमओ डॉ. भारती राणा ने रामगढ़ क्षेत्र के लिए एक टीम गठित की है। इसमें रामगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉ. चेतन टम्टा और फार्मासिस्ट इंद्रलाल वर्मा को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है।
डॉ. चेतन टम्टा ने बताया कि कोरोना वायरस से डरने की जरूरत नहीं है। उन्होंने लोगों से मास्क लगाने, साफ-सफाई रखने, सैनिटाइजर का इस्तेमाल करने के साथ खानपान पर ध्यान देने को कहा है। सीएचसी प्रभारी डॉ. गौरव कांडपाल ने ग्रामीणों से अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की। रामगढ़ सीएचसी में कर्मचारियों को मास्क, दस्ताने और सैनिटाइजर बांटे गए। आशा और एएनएम वर्करों से क्षेत्र में लोगों को जागरूक करने को कहा। उधर, भवाली डिपो में कोराना वायरस से बचाव के लिए यात्रियों को मास्क बांटे गए। साथ ही कार्यशाला में खड़ी बसों को सैनिटाइज किया गया। यूनियन के मंडल अध्यक्ष एलडी पालीवाल ने यह जानकारी दी।