मानसून सीजन शुरू होते ही रामनगर के होटल कारोबार पर असर साफ दिखाई देने लगा है। होटल कारोबारियों के अनुसार पर्यटकों की संख्या घटने से बुकिंग में करीब 50 फीसदी तक गिरावट दर्ज की गई है। मानूसन सीजन के दौरान होटल कारोबारियों ने पर्यटकों के लिए ऑफर शुरू कर दिए हैं।
मानसून सीजन शुरू हो गया है। ऐसे में कॉर्बेट टाइगर रिजर्व (सीटीआर) समेत अन्य वन प्रभागों के अधिकतर पर्यटन जोन बंद हो गए हैं। ऐसे में बाहरी राज्यों से आने वाले पर्यटकों की संख्या कम होने से होटल, रिजॉर्ट और पर्यटन से जुड़े अन्य कारोबार प्रभावित हो रहे हैं। पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए होटल संचालक विशेष पैकेज, रियायती ऑफर और विभिन्न साहसिक गतिविधियों का सहारा ले रहे हैं। होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष हरिमान सिंह ने बताया कि मौसम अनुकूल रहने और आकर्षक पैकेजों के जरिए सप्ताहांत में पर्यटकों की आमद बढ़ने की उम्मीद है। मानसून पर्यटन को बढ़ावा देने के प्रयासों से कारोबार में धीरे-धीरे सुधार आएगा।
पर्यटन सीजन खत्म होने के साथ कम होने लगी सैलानियों की संख्या
पर्यटन सीजन खत्म होने के साथ भीमताल, नौकुचियाताल, सातताल, मुक्तेश्वर, रामगढ़, भवाली और कैंची धाम में सैलानियों और श्रद्धालुओं की संख्या कम होने लगी है। शुक्रवार को भी भीमताल और नौकुचियाताल से कम संख्या में सैलानियों की आवाजाही देखने को मिली। इससे क्षेत्र में सुनसानी देखने को मिली। कैंची धाम में भी श्रद्धालु आराम से मंदिर में प्रवेश कर बाबा नीब करौरी महाराज के दर्शन कर रहे हैं। साथ ही सड़क पर जाम भी कम देखने को मिल रहा है।