नैनीताल। शहर के मल्लीताल क्षेत्र में एक किरायेदार और मकान मालिक में वीडियो एप टिक-टॉक को लेकर विवाद हो गया। मारपीट के बाद दोनों पक्ष कोतवाली पहुंच गए। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है। मल्लीताल क्षेत्र स्थित एक भवन में मां-बेटी किराये पर रहते हैं। मंगलवार को युवती अपने मोबाइल पर टिकटॉक वीडियो बना रही थी। इस दौरान शोर अधिक होने के कारण मकान मालिक ने उसे टोकते हुए वीडियो न बनाने को कहा। दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद नौबत हाथापाई तक पहुंच गई। आरोप है कि मकान मालकिन ने किरायेदार युवती के साथ मारपीट कर दी। इसके बाद दोनों पक्ष कोतवाली पहुंचे। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है। प्रभारी कोतवाल मो. यूनुस खान ने मामले में जांच के बाद कार्रवाई की बात कही है। संवाद