हल्द्वानी। तबादला एक्ट के अनुसार सभी विभागों में 10 जून तक तबादला प्रक्रिया पूरी हो जानी चाहिए। मगर उच्च शिक्षा विभाग अब तक इसकी तैयारी पूरी नहीं कर पाया है। स्थानांतरण के लिए प्राप्त हुए आवेदनों की जांच पूरी नहीं हो पाई है। जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद इस सप्ताह स्थानांतरण की फाइनल सूची जारी हो सकती है।
उच्च शिक्षा विभाग में पहली बार स्थानांतरण के लिए प्राध्यापकों के ऑनलाइन आवेदन मांगे गए। समर्थ पोर्टल के माध्यम से अनिवार्य और अनुरोध के आधार पर प्राध्यापकों ने ऑनलाइन फार्म भरे। दुर्गम में चार साल और सुगम में तीन साल की सेवा पूरे कर चुके प्राध्यापक स्थानांतरण की श्रेणी में आते हैं। इसके अनुसार ही हर वर्ष तबादले होते हैं। उच्च शिक्षा विभाग से मिली जानकारी के अनुसार स्थानांतरण के लिए प्राप्त हुए आवेदन पत्रों की जांच की जा रही है। यह प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्राध्यापकों की फाइनल लिस्ट तैयार की जाएगी। इसके बाद सूची शासन भेजी जाएगी। वहां से स्थानांतरण की अंतिम सूची जारी होगी। तबादला कमेटी के सदस्य और सहायक निदेशक डॉ. गोविंद पाठक ने बताया कि स्थानांतरण के लिए प्राप्त हुए आवेदन पत्रों की जांच इस सप्ताह पूरी हो जाएगी। इसके बाद शासन स्तर से तबादलों की अंतिम लिस्ट जारी की जाएगी। संवाद