हल्द्वानी उच्चशिक्षा निदेशालय। अमर उजाला
हल्द्वानी। प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों के डिग्री कॉलेजों में जमे गेस्ट एवं संविदा शिक्षकों को पहाड़ भेजे जाने की तैयारी शुरू हो गई है। उच्चशिक्षा निदेशालय ने मैदानी डिग्री कॉलेजों में तैनात ऐसे 45 गेस्ट एवं संविदा शिक्षकों की सूची तैयार कर शासन को भेजी है। पंचायत चुनाव आचार संहिता के चलते अभी शासन से इन शिक्षकों के तबादले के आदेश जारी नहीं हो सकें हैं तथा आचार संहिता हटते ही आदेश जारी होने की उम्मीद है।
उच्चशिक्षा विभाग द्वारा राज्य में 104 राजकीय महाविद्यालयों को संचालन किया जा रहा है। मैदान के महाविद्यालयों में तो शिक्षकों की बहुत ज्यादा कमी नहीं है, लेकिन पहाड़ के महाविद्यालयों में शिक्षकों की कमी के चलते पठन-पाठन प्रभावित हो रहा है। दूरस्थ महाविद्यालयों में नियमित प्राध्यापकों का तबादला किया गया मगर बाद में कई प्राध्यापकों के तबादला आदेशों में परिवर्तन कर उन्हें दुर्गम स्थान के जगह दूसरे स्थान पर तैनाती दे दी गई। शासन को अब पहाड़ के कॉलेज चलाने के लिए गेस्ट, सांध्य, प्रात:कालीन एवं संविदा शिक्षकों का सहारा बचा है, इसके लिए मैदान में तैनात गेस्ट एवं संविदा शिक्षकों की सूची मंगा ली है। इधर, शासन की इस तैयारी से गेस्ट एवं संविदा शिक्षकों में खलबली मची है।
----
किस कॉलेज से कितने जाएंगे टीचर
कोटद्वार भावर कॉलेज - 03
रामनगर कॉलेज - 02
महिला कॉलेज, हल्द्वानी - 02
हल्दूचौड़ कालेज - 03
टनकपुर कॉलेज - 04
खटीमा कॉलेज - 05
रुद्रपुर कॉलेज - 02
काशीपुर कॉलेज - 05
बाजपुर कॉलेज - 05
सितारगंज कॉलेज - 01
कोटद्वार कॉलेज - 09
ऋषिकेश कॉलेज -01
डोईवाला कॉलेज - 01
चुड़ियाला कॉलेज - 02
मैदान से पहाड़ वही गेस्ट, सांध्य एवं प्रात:कालीन और संविदा शिक्षक पहाड़ भेजे जाएंगे जिनका मानदेय 35000 रुपये प्रतिमाह है। प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों के महाविद्यालयों में इस श्रेणी के 45 गेस्ट एवं संविदा शिक्षकों की सूची तैयार शासन को भेजी गई है। इन शिक्षकों की पहाड़ के कालेजों में तैनाती शासन स्तर से पंचायत चुनाव की आचार संहिता समाप्त होने के बाद की जाएगी। - डा. एससी पंत, निदेशक उच्चशिक्षा विभाग