बेतालघाट के मल्ली सेठी पुल में पड़ी दरारों का निरीक्षण करती ब्लाक प्रमुख आनंदी देवी। संवाद न्यू?
- फोटो : BHIMTAL
बेतालघाट (नैनीताल)। क्षेत्र के मल्ली सेठी मोटर पुल में भारी वाहनों की आवाजाही से दरार पड़ गई है। पुल पर दरार के बावजूद ग्रामीणों ने भारी वाहनों के संचालन पर नाराजगी जताई। ज्येष्ठ प्रमुख गिरधर सिंह ने हाइवा (भारी वाहन) के संचालन पर रोक लगाने के लिए बेतालघाट थाने में ज्ञापन सौंपा है। शिकायत मिलने पर ब्लाक प्रमुख आनंदी देवी ने पुल का निरीक्षण कर ग्रामीणों को कार्रवाई का भरोसा दिया।
बता दें कि साल 2009 में यह पुल बनकर तैयार हुआ था। इस पुल के बनने के बाद मल्लीसेठी, तल्लीसेठी चांदपुर, खौला, बवांस और ओखलढुंगा के गांव का बेतालघाट से सीधा संपर्क हुआ। साथ ही इसी मार्ग से क्षेत्र के छोटे और बड़े वाहनों का आवगमन रामनगर से होता है। प्रधान नीम देवी खुल्बे ने बताया कि कि तल्लीसेठी में शुरू हुए खनन से पुल से हाइवा गुजरते हैं। इस कारण पुल में छोटी-छोटी दरारें पड़ चुकी हैं। उन्होंने प्रशासन से पुल को बचाने के लिए कार्रवाई की मांग की है। लोनिवि के ईई देव सिंह कोटियाल ने बताया कि पुल की ऊपरी सतह पर हेयर क्रेक हैं, जो चिंता करने की बात नहीं है। इन दरारों को बरसात से पहले दुरुस्त कर दिया जाएगा। भारी वाहनों की एकसाथ आवाजाही रोकने के लिए एसडीएम को पत्र भेजा है। इस दौरान सुरेंद्र सिंह, कीर्तिबल्लब, शेखर फुलारा, मनोज जोशी, शंकर जोशी, प्रकाश पडियार, अतुल भंडारी आदि रहे।