हल्द्वानी। बृहस्पतिवार शाम से कुमाऊं मंडल के पर्वतीय जिलों के लिए भारी बारिश की चेतावनी एक बार फिर मौसम विभाग ने जारी की है। मौसम विभाग ने लोगों को सजग रहने और एहतियात बरतने को कहा है। मौसम विभाग ने एक दिन पहले ही 14 से भारी बारिश का अनुमान जताया था।
मौसम विभाग ने 14 जुलाई की शाम से लेकर अगले तीन दिन में पिथौरागढ़, बागेश्वर, अल्मोड़ा, नैनीताल और चंपावत में कुछ हिस्सों में भारी से भारी बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग का कहना है कि 15 और 16 जुलाई को अधिकतर स्थानों में बारिश होगी। पश्चिमी विक्षोभ 14 जुलाई से उत्तर की ओर खिसक रहा है और हिमालयी क्षेत्र में बना रहेगा।
ऐसे में 18, 19 और 20 जुलाई को भी इसका प्रभाव बना रहेगा, लेकिन कुछ स्थानों पर बरसात का सिलसिला रहेगा। मौसम विभाग की ओर से जारी चेतावनी के बाद आपदा प्रबंधन ने भी संबंधित जिलों को अलर्ट जारी कर दिया है। कई स्थानों के लिए भारी से भारी बारिश की चेतावनी भी जारी की गई है।