रविवार की देर शाम हुई मूसलाधार बारिश के चलते भीमताल-रानीबाग रोड में सलड़ी और आसपास के दो स्थानों पर पहाड़ी से मलबा गिरने से यातायात ठप हो गया। इस दौरान हल्द्वानी से पहाड़ के लिए वाहनों का आवागमन ठप हो गया। करीब ढाई घंटे तक सड़क में वाहनों की आवाजाही ठप होने के कारण यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। रात करीब 10 बजे सड़क में यातायात सुचारु होने पर जाम में फंसे लोगों ने राहत की सांस ली।
बता दें कि रविवार शाम भीमताल और आसपास के क्षेत्रों में मूसलाधार बरसात के साथ-साथ जमकर ओलावृष्टि हुई थी। घंटे भर से अधिक समय तक हुई मूसलाधार बारिश के चलते भीमताल-रानीबाग रोड में सलड़ी के पास दो अलग-अलग स्थानों पर पहाड़ी से बहकर आया मलबा सड़क में जमा हो गया और शाम करीब साढ़े सात बजे भीमताल-रानीबाग रोड में सलड़ी के पास वाहनों की आवाजाही ठप हो गई। वाहनों की आवाजाही ठप होने के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और सैकड़ों यात्री जाम में फंस गए।
रोड बंद होने के बाद भी घंटे भर तक मूसलाधार बारिश होते रही। रात करीब साढ़े आठ बजे बारिश थमी तो कुछ वाहन चालकों और यात्रियों ने श्रमदान कर सड़क में गिरे पत्थरों और मलबे को हटाकर किसी तरह अपने वाहनों को निकाल लिया, लेकिन अधिकांश वाहन चालक अच्छी तरह से सड़क के खुलने का इंतजार करते रहे। रात करीब नौ बजे लोनिवि की जेसीबी ने मौके पर पहुंचकर सड़क पर पड़े मलबे को हटाने का काम शुरू किया और घंटे भर की मशक्कत के बाद अलग-अलग स्थानों पर आए मलबे को हटाया। रात 10 बजे के करीब पूरी तरह से सड़क पर आए मलबे को हटाने के बाद यातायात सुचारु हो सका। सड़क के खुलने के बाद ढाई घंटे से जाम में फसें यात्रियों ने राहत की सांस ली।