नैनीताल। शहर में कड़ाके की ठंड पड़नी शुरू हो गई है। ठंड के चलते दिल के मरीजों की दिक्कतें भी बढ़ जाती हैं। हाल ही में यहां घूमने आए दो पर्यटकों की हृदयाघात से मौत हो चुकी है। ऐसे में सेहत को लेकर ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत है।
बीडी पांडे अस्पताल में दिल की समस्याओं को लेकर रोजाना 40 से 50 मरीज पहुंच रहे हैं, जिन्हें इलाज के साथ ही जरूरी सलाह भी दी जा रही है। अस्पताल के हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. सुधांशु सिंह ने बताया कि समय के साथ लोगों की आदतें, रहन-सहन व खान-पान बदल रहा है। आज के दौर में हर कोई तनाव में है, जिससे शुगर, बीपी व अन्य समस्याएं भी उभर रही हैं। यही समस्याएं आगे चलकर दिल की बीमारी का कारण बन सकती हैं। उन्होंने बताया कि ठंड के दिनों में रक्त वाहिकाएं संकुचित हो जाती हैं, जिससे रक्तचाप बढ़ जाता है और हृदय की मांसपेशियों पर दबाव पड़ता है। इससे हृदयाघात हो सकता है। उन्होंने बताया कि दिसंबर में ही दो पर्यटकों की हृदयाघात से मौत हो चुकी है। उन्होंने सलाह दी कि ठंड में हृदयाघात से बचने के लिए नियमित स्वस्थ आहार लें, तनाव में न रहें, नियमित जांच कराएं और शरीर को गर्म रखें।