नैनीताल। सर्दी बढ़ने के साथ ही हृदय रोगियों की संख्या बढ़ने लगी है। बीडी पांडे अस्पताल में रोजाना सीने में दर्द की शिकायत लेकर कई लोग उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। चिकित्सक उपचार के साथ उन्हें सलाह भी दे रहे हैं।
बीडी पांडे अस्पताल के हृदयरोग विशेषज्ञ डॉ. सुधांशु सिंह ने बताया कि बदलते समय के साथ इंसान की जीवन शैली भी बदल रही है। इस वजह से लोग कई गंभीर बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। बताया कि इन दिनों नैनीताल में ठंड के चलते हृदय रोगियों की संख्या भी बढ़ने लगी है। बताया कि महीने में लगभग 100 से ज्यादा लोग हृदय संबंधी दिक्कतों के साथ अस्पताल पहुंच रहे हैं। उन्होंने बताया कि ठंड की वजह से नसें सिकुड़ जाती हैं और रक्त भी गाढ़ा हो जाता है जिससे रक्तचाप बढ़ जाता है। इसका असर हृदय में खून पहुंचाने वाली धमनियों पर पड़ता है इसलिए ठंड में हृदय घात का खतरा बढ़ जाता है।
-
हल्के दर्द को भी नजर अंदाज न करें
नैनीताल। बीडी पांडे अस्पताल के हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. सुधांशु सिंह ने बताया कि सीने में हल्के दर्द को लोग नजर अंदाज न करें। कहा कि सीने में या नाभी के बांई ओर हल्के दर्द को लोग कई बार गैस का दर्द समझते हैं लेकिन यह हल्का दर्द भी हृदय घात का लक्षण हो सकता है। इसके अलावा गर्दन में दर्द, सांस लेने में असहजता, सीने में भारीपन, सीने से बाएं हाथ को बढ़ता दर्द भी हृदय घात के लक्षण हो सकते हैं। नजर अंदाज न करें। दिक्कत होने पर अस्पताल जाकर डाक्टर को अवश्य दिखाएं।
-
हृदय रोगियों के लिए सुझाव
नैनीताल। डॉ. सुधांशु ने बताया कि ठंड के दिनों में खासकर बीपी और कोलेस्ट्रॉल के मरीजों को अपना विशेष ध्यान रखना चाहिए। रोगियों को जाड़े के दिनों में सुबह व शाम ठंड में टहलने से बचना चाहिए। इसके बदले वह धूप में टहल सकते हैं। खाने में तेलीय पदार्थों व फास्ट फूड का सेवन भी नहीं करना चाहिए। गुनगुना पानी का प्रयोग करें। हल्का व्यायाम रोजाना करना चाहिए।