नैनीताल हाईकोर्ट ने हल्द्वानी के एक बुजुर्ग कारोबारी को हनीट्रैप के जाल में फंसाकर उनसे अवैध वसूली और ब्लैकमेलिंग करने के मामले में दर्ज मुकदमे को निरस्त करने और आरोपी की गिरफ्तारी पर रोक लगाए जाने के मामले में दायर याचिका पर सुनवाई के बाद पूर्व में आरोपी महिला की गिरफ्तारी पर लगी रोक को हटाते हुए याचिका को खारिज कर दिया है। इससे पहले कोर्ट ने उनकी गिरफ्तारी पर अंतरिम रोक लगा रखी थी।न्यायमूर्ति पंकज पुरोहित की एकलपीठ के समक्ष मामले की सुनवाई हुई।
मामले के अनुसार आरोपी ज्योति सिंह ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर कहा था कि उसको दर्ज मामले में गलत व झूठा फंसाया गया है। उसका इससे कोई लेना देना नही है। इसलिए उनके खिलाफ दर्ज मुकदमे को निरस्त किया जाए और उसकी गिरफ्तारी पर रोक लगाई जाए। याचिकाकर्ता पर दर्ज मुकदमे में बुजुर्ग कारोबारी ने आरोप लगाया गया था कि उसे हनीट्रैप के जाल में फंसाकर ब्लैकमेल किया जा रहा है और उससे करोड़ो रुपए की मांग की जा रही है, यही नही उसे जानमाल का खतरा उत्पन्न हो गया है, उसे फोटो और वीडिओ वाइरल करने की धमकी देकर मोटी रकम की मांग की जा रही है, उसकी संपत्ति को हड़प लिया गया है।
शिकायतकर्ता की ओर से इस संबंध में एसएसपी नैनीताल को शिकायत देकर कहा था कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्यवाही जाए और शिकायतकर्ता को सुरक्षा दिलाई जाए। सुनवाई के बाद कोर्ट ने पूर्व में याचिकाकर्ता की गिरफ्तारी पर लगी रोक को हटाते हुए याचिका को खारिज कर दिया है।