हल्द्वानी। कोविड-19 की वैक्सीन जब भी आएगी सबसे पहले स्वास्थ्य विभाग के कर्मियों को लगाई जाएगी। सरकारी और निजी क्षेत्र में सेवाएं दे रहे स्वास्थ्य विभाग के कर्मियों को डाटा बैंक बनाया जा रहा है।
सीएमओ डॉ. भागीरथी जोशी ने बताया कि कोरोना वैक्सीन को लेकर सकारात्मक खबरें लगातार आ रही हैं। संभावना जताई जा रही है कि कोरोना वैक्सीन जल्द आ सकती है। भारत सरकार की ओर से आदेश आया है कि स्वास्थ्य कर्मियों का डाटा बैंक तैयार किया जाए। जिले में लगभग 5,900 सरकारी डाक्टर और स्वास्थ्य कर्मी हैं। जिले में 336 निजी अस्पताल, क्लीनिक, आयुष, डेंटल क्लीनिक हैं। इनमें लगभग 1500 डाक्टर और स्वास्थ्य कर्मी हैं।
नर्सिंग कालेज में भी एक हजार कर्मी हैं। बताया कि सभी का विवरण लेकर 24 बिंदुओं पर डाटा बैंक तैयार किया जा रहा है। डाटा बैंक बनते ही शासन को भेजा जाएगा। शासन के माध्यम से केंद्र सरकार को जाएगा। खास बात यह है कि ऐसे लोगों का विवरण भी अलग से तैयार किया जा रहा है जो लोगों को कोरोना का टीका लगा सकेंगे। ऐसे लोगों को पहले ही टीका लगा दिया जाएगा।
नवंबर से एसटीएच में शुरू हो जाएगी सामान्य मरीजों के लिए ओपीडी
हल्द्वानी। कोविड के लगातार कम हो रहे केसों के मद्देनजर नवंबर में सुशीला तिवारी अस्पताल में अन्य बीमारियों से ग्रस्त मरीजों के लिए ओपीडी सेवा शुरू हो सकती है। अस्पताल में अगले माह से ओपीडी शुरू करने की संभावना को देखते हुए साफ सफाई का काम शुरू हो गया है। बता दें, कि मार्च से एसटीएच को कोविड 19 अस्पताल बना दिया गया था। एसटीएच में वर्तमान में कोविड पॉजिटिव 51 मरीज भर्ती हैं। तीन वार्डों को और आईसीयू को छोड़कर अन्य वार्ड बंद कर दिए गए हैं। चिकित्सा शिक्षा निदेशक डॉ. युगल किशोर पंत का कहना है कि कोरोना की संक्रमण दर अगर कम रही तो नवंबर से एसटीएच में दूसरे मरीजों के लिए ओपीडी खोलने पर विचार हो रहा है। नवंबर में कोविड की संक्रमण दर को देखते हुए निर्णय लिया जाएगा।
एक वार्ड में रखे जाएंगे कोविड के मरीज
हल्द्वानी। कोविड के मरीज अगर कम रहे तो एक या दो वार्डों में मरीजों को रखा जा सकता है। मरीजों को देखने के लिए डाक्टरों की टीम भी अलग होगी। डाक्टरों की अलग टीम दूसरे मरीजों को नहीं देखेगी। कोविड मरीजों के लिए और दूसरे मरीजों के लिए आने और जाने का रास्ता अलग-अलग होगा।
एसटीएच में कोविड पॉजिटिव एक मरीज की मौत, 27 की हालत गंभीर
हल्द्वानी। सुशीला तिवारी अस्पताल में बुधवार को इलाज के दौरान कोविड पॉजिटिव एक मरीज की मौत हो गई। एसटीएच में कोरोना पॉजिटिव 51 मरीज भर्ती हैं। जिले में आज कोविड के 47 नए केस आए हैं।
अल्मोड़ा निवासी 59 वर्षीय व्यक्ति को दस अक्तूबर को भर्ती कराया था। सांस लेने में तकलीफ और निमोनिया के कारण उनको आईसीयू में रखा गया था। आज इलाज के दौरान मरीज की मौत हो गई। एसटीएच में 27 मरीजों की हालत गंभीर है और 04 को आइसोलेशन में रखा गया है।