रुद्रपुर (ऊधमसिंह नगर)। नशामुक्ति अभियान के तहत रुद्रपुर में चल रही राष्ट्रीय एकता विशाल कुश्ती दंगल प्रतियोगिता के दूसरे दिन देशभर के पहलवानों ने दमखम दिखाया। उत्तर प्रदेश के हरप्रीत पहलवान ने चार पहलवानों को बारी-बारी चित कर दर्शकों की तालियां बटोरी।
बुधवार को विधायक राजकुमार ठुकराल ने फीता काटकर कुश्ती प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। रामपुर के हरप्रीत पहलवान ने बारी-बारी रुद्रपुर के राशिद, सतीश वर्मा, आजमगढ़ के अमरनाथ और नरेश को चित किया। नेपाल के पहलवान देवा थापा ने गोरखपुर के मुन्ना टाइगर को चित कर दिया। देवा की कुश्ती देखने के लिए दर्शक प्रतियोगिता शुरू होने से पहले से ही उत्साहित थे। तीसरे मुकाबले में अयोध्या के बाबा लाडी पहलवान ने मेरठ के गुल्ला चौधरी को पराजित किया। चौथे मुकाबले में जम्मू कश्मीर के भूरा पहलवान ने राजस्थान के मन्नी पहलवान को हराया। पांचवां मुकाबला सहारनपुर के बकार और चंडीगढ़ के वीरेंद्र के बीच बराबरी पर रहा। छठा मुकाबला भी मलेर कोटला के नदीम और सहारनपुर के प्रवीन के बीच भी बराबरी पर रहा।
सातवें मुकाबले में कोल्हापुर के नकाबपोश ने मेरठ के गोलू पहलवान को एक ही बार में चित कर दिया। कार्यक्रम संयोजक धर्म सिंह कोली ने विधायक ठुकराल को पगड़ी व अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया। वहां पर पार्षद किरन राठौर, आयुष चिलाना, आनंद शर्मा, बंटी कोली आदि थे।