रविवार का दिन तल्लीताल पुलिस के लिए आफत भरा रहा। एक मानसिक रूप से परेशान युवक सुबह के समय बिना किसी वजह के छावनी क्षेत्र के एक पेड़ में चढ़ गया बमुश्किल करीब डेढ़ घंटे के बाद उसे नीचे उतारा गया। बाद में उसे तल्लीताल थाने लाया गया। समझाबुझाकर जैसे-तैसे उसे जब पिता को सौंपा तो रास्ते में वह फिर बिजली के पोल में चढ़ गया।
करीब एक घंटे तक वह एक पोल से दूसरे पोल में बिना किसी भय के तारों से गुजरता रहा। उसे नीचे उतारने के लिए पुलिस के पसीने छूट गए। पालिका की हाइड्रोलिक मशीन में चढ़कर दो पुलिस के जवानों ने उसे नीचे उतारा। बाद में उसे पुलिस ने मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया। मजिस्ट्रेट ने उसे परिजनों के सुपुर्द करने के निर्देश दिए लेकिन पुलिस उसे निर्वाण केंद्र भेजने पर विचार कर रही है ताकि वह नगर में कोई अनहोनी न कर दे।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक बैंकबरी कंपाउंड सात नंबर क्षेत्र निवासी कैलाश चंद्र बवाड़ी का पुत्र हरीश चंद्र बवाड़ी (28) बीते लंबे समय से मानसिक रूप से परेशान है। रविवार को वह सुबह करीब साढ़े सात बजे छावनी क्षेत्र में एक पेड़ में चढ़ गया। सूचना मिलने के बाद तल्लीताल थानाध्यक्ष कैलाश जोशी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे बमुश्किल सिपाहियों ने उसे डेढ़ घंटे बाद नीचे उतारा। तल्लीताल थाने लाकर उससे गहन पूछताछ करने के बाद उसे पिता कैलाश बवाड़ी के हवाले कर दिया।
दोपहर करीब 12 बजे वह फिर थाने से तल्लीताल जाने वाले मार्ग में एक बिजली के पोल पर चढ़ने लगा। इस दौरान पोल के नीचे दुकान चलाने वाले फ्रैंड्स कम्यूनिकेशन के संचालक मो. लियाकल अली ने उसे काफी समझाया लेकिन वह नहीं माना। इस दौरान क्षेत्रवासियों ने तुरंत बिजली विभाग के अधिकारियों को फोन कर 440 वोल्ट की बिजली की लाइन को बंद कराया। देखते ही देखते वह पोल पर चढ़ गया। इस दौरान क्षेत्रवासियों व थानाध्यक्ष कैलाश जोशी ने उसे नीचे उतरने को कहा कि लेकिन वह नहीं माना, पिता की भी उसने नहीं सुनी।
बाद में पुलिस ने मल्लीताल पालिका से हाइड्रोलिक वाहन मंगाया। वाहन में कांस्टेबल पूरन सिंह मेहरा व मनीष नौटियाल ने चढ़कर करीब सवा बजे उसे नीचे उतारने में कामयाबी हासिल की। बाद में उसे तल्लीताल थाने लाया गया और मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया। मजिस्ट्रेट ने उसे परिजनों के सुपुर्द करने के निर्देश दिए लेकिन फिलहाल पुलिस उसे निर्वाण केंद्र भेजने पर विचार कर रही है।