हल्द्वानी के रानीबाग में रोडवेज बस की टक्कर से पांच साल की मासूम कनक की मौत ने हर किसी को झकझोर दिया जहां हादसे के बाद मां की चीख-पुकार और लोगों के आक्रोश से माहौल गमगीन हो गया।
भीमताल-हल्द्वानी मार्ग पर रानीबाग के पास सोमवार को हुए दर्दनाक हादसे ने हर किसी को झकझोर दिया। पांच साल की मासूम कनक की मौत के बाद उसकी मां का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। वह बार-बार यही सवाल पूछती रही—“मेरी बच्ची का क्या कसूर था?” आसपास खड़े लोग भी यह मंजर देखकर भावुक हो उठे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क पार करते समय रोडवेज की बस संख्या यूके 06 पी ए 1726 (रुद्रपुर डिपो) ने बच्ची को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद मासूम बस के आगे फंस गई, लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका। लापरवाही से बस आगे बढ़ती रही और बच्ची करीब 20 मीटर तक घसीटती चली गई। जब तक लोगों ने शोर मचाकर बस रुकवाई, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। गंभीर रूप से घायल कनक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
बताया जा रहा है कि कनक के साथ दो अन्य बच्चे भी थे, जो किसी तरह हादसे की चपेट में आने से बच गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। मां बेसुध होकर सड़क पर गिर पड़ी और परिजन बिलखते रहे। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह उन्हें संभालने की कोशिश की।
घटना से गुस्साए स्थानीय लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। भीड़ ने रोडवेज बस पर पथराव कर उसके शीशे तोड़ दिए। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया। सड़क पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। तिकोनिया से भीमताल तिराहा, जूलीकोट और सलड़ी तक कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद आक्रोशित लोगों को शांत कराया गया और यातायात धीरे-धीरे सुचारु कराया गया।