काठगोदाम थाने में रोती बिलखती मृतक बच्चे अमित का दादी।
- फोटो : अमर उजाला
एसएसपी पीएन मीणा बृहस्पतिवार दोपहर सबसे पहले उस जगह गए जहां बच्चे का सिर कटा धड़ गड्ढे में दबा मिला था। उन्होंने सिर और हाथ की तलाश में जुटी पुलिस टीम से भी बात की। उन्होंने अधीनस्थों को सर्च अभियान तेज करने के लिए कहा। इस दौरान एसएसपी ने परिजनों से बात कर पुलिस के प्रयासों की जानकारी दी। परिजनों ने कहा कि उन्हें अमित का अधूरा नहीं, पूरा शरीर चाहिए।
एसएसपी बृहस्पतिवार को पश्चिमी खेड़ा पहुंचे। टीम ने उन्हें अब तक की गई कोशिशों के बारे में तो बताया, साथ ही कहां-कहां और देखा जा सकता है इसकी जानकारी भी दी। इसके बाद एसएसपी अमित के परिवार वालों से मिले। इस दौरान किसी भी बाहरी व्यक्ति को वहां से दूर रखा गया। परिजनों ने बुधवार के घटनाक्रम पर नाराजगी जताते हुए अपनी बात रखी। उन्होंने दो दिन बाद भी अमित का कटा सिर और हाथ न ढूंढ पाने पर आक्रोश जताया।
एसएसपी ने उन्हें जल्द ही अंगों की बरामदगी का आश्वासन दिया। परिवार वालों ने कहा कि बच्चे का सिर और हाथ जब तक नहीं मिलेगा तब तक वह न तो पोस्टमार्टम कराएंगे और न ही अंतिम संस्कार करेंगे। उन्हें न्याय चाहिए। इस वारदात को अंजाम देने वालों को फांसी की सजा जल्द से जल्द दिलाई जाए।