हल्द्वानी। काठगोदाम-हैड़ाखान-साननी-सिमलिया मोटरमार्ग का शनिवार को डीएम के साथ बीआरओ और लोनिवि के अधिकारियों ने निरीक्षण किया। बीआरओ के मुख्य अभियंता विमल गोस्वामी ने कहा कि यहां से सड़क खुल सकती है। उन्होंने लोनिवि को तब तक मलबा हटाने के निर्देश दिए जब तक कि ऊपर से मलबा गिरना न रुक जाए। इसके बाद नीचे से सुरक्षा दीवार बनाने के लिए कहा है। उधर बीआरओ के संयुक्त निदेशक अरुण कुमार ने सड़क की निगरानी के लिए एक इंजीनियर देने का भी आश्वासन दिया है।
केंद्रीय रक्षा एवं पर्यटन राज्यमंत्री अजय भट्ट के निर्देशों के क्रम में शनिवार को बीआरओ के अधिकारी हल्द्वानी पहुंचे। इसके बाद डीएम धीराज सिंह गर्ब्याल ने मुख्य अभियंता बीआरओ विमल गोस्वामी और मुख्य अभियंता लोनिवि दीपक के साथ क्षतिग्रस्त सड़क का निरीक्षण किया। बीआरओ के मुख्य अभियंता विमल गोस्वामी ने कहा कि सड़क से मलबा हटाया जा सकता है। उन्होंने इसके लिए एक तकनीकी विशेषज्ञ भेजने की बात कही है। मलबा आना बंद होने के बाद सड़क के नीचे से सुरक्षा दीवार बनाई जाए। इस दौरान सीडीओ डॉ. संदीप तिवारी, बीआरओ के संयुक्त निदेशक अरुण कुमार, एडीएम अशोक जोशी, ईई लोनिवि दीपक गुप्ता आदि मौजूद रहे।
टीएचडीसी के इंजीनियर भी करेंगे निरीक्षण
हल्द्वानी। टिहरी हाइड्रो डेवलपमेंट कारपोरेशन के इंजीनियर सड़क और पहाड़ी का निरीक्षण करेंगे। पीडब्लूडी के एई मनोज पांडे ने बताया कि टीएचडीसी के अधिकारी सोमवार को इस सड़क का निरीक्षण करने आ सकते हैं।
2.2 किलोमीटर नई सड़क भी बनाई जाएगी
- वन, राजस्व और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने किया सर्वे
- करीब 150 पेड़ आ रहे नई सड़क की जद में
माई सिटी रिपोर्टर
हल्द्वानी। राजस्व विभाग, वन विभाग और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने शनिवार सुबह हैड़ाखान रोड पर नए मार्ग के लिए सर्वे किया। लोक निर्माण विभाग के एई मनोज पांडे ने बताया कि सर्वे का काम पूरा हो गया है। इसकी जद में साल के करीब 150 पेड़ आ रहे हैं। पूरी रिपोर्ट अभी वन विभाग से नहीं मिली है।
उधर जिलाधिकारी धीराज गर्ब्याल ने बताया कि लोक निर्माण विभाग से बंद पड़ी सड़क का मलबा हटाने के लिए कहा गया है। साथ ही नए मार्ग के लिए सर्वे का काम हो गया है। जल्द ही नए मार्ग बनाने के लिए वन भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। कहा कि यह सड़क करीब 2.2 किलोमीटर है।